लखनऊ, 21 अप्रैल 2026 हज–2026 के तहत उत्तर प्रदेश से हज यात्रियों की पहली उड़ान 22 अप्रैल, 2026 को लखनऊ उड़ान स्थल से अपराह्न 02:20 बजे रवाना होगी। फ्लाईनास एयरलाइंस की उड़ान संख्या एक्स0वाई0 8042 से कुल 427 हज यात्री पवित्र यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे, जिनमें 222 पुरुष एवं 205 महिला यात्री शामिल हैं। इस उड़ान में सर्वाधिक 278 यात्री कानपुर नगर जिले से तथा 59 यात्री लखनऊ से हैं, जबकि असम राज्य के भी दो हज यात्री इसी उड़ान से रवाना होंगे।
हज यात्रियों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए प्रथम उड़ान के साथ तीन स्टेट हज इंस्पेक्टर—श्री मोहम्मद रिज़वान, श्री गुलाम हुसैन (कानपुर नगर) एवं श्री आमिर सुहेल (रायबरेली)—को भी भेजा जा रहा है।हज यात्रियों को विदाई देने हेतु मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता मा० राज्य मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण एवं अध्यक्ष, उ०प्र० राज्य हज समिति श्री दानिश आज़ाद अंसारी करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर होंगे। इस अवसर पर विभिन्न धर्मगुरुओं की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी।
इसी क्रम में मंत्री श्री दानिश आज़ाद अंसारी ने हज हाउस में व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने टॉयलेट एवं बाथरूम की साफ-सफाई, कैण्टीन एवं किचन में स्वच्छता के साथ उचित दरों पर ताजा भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, हज यात्रियों को वितरित की जाने वाली स्मार्ट वॉच किट एवं अन्य सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की।
मंत्री जी ने हज यात्रियों के साथ आने वाले सहयोगियों के लिए भी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिनमें बैठने की सुविधा एवं कूलर आदि की व्यवस्था शामिल है। वाहनों की पार्किंग के लिए सैनिक स्कूल के सामने विशेष प्रबंध किए गए हैं। हज यात्रियों के ठहरने के कक्षों को वातानुकूलित किया गया है तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रदेश सरकार द्वारा हज यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
