नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के फाउंडर और पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में आईपीएल को लेकर एक ऐसी भविष्यवाणी की है, जिससे सब हैरान हैं. ललित मोदी का मानना है कि साल 2030 तक इस खेल में खिलाड़ियों की कीमत रॉकेट की रफ्तार से बढ़ जाएगी.उन्होंने भविष्यवाणी की है कि अगले चार साल में आईपीएल टीमों का बजट भी 7 गुना से ज्यादा हो जाएगा.खेल
सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के टॉप खिलाड़ी एक सीजन के लिए लगभग 150 करोड़ रुपए भी कमा सकते हैं. ‘द ओवरलैप क्रिकेट’ पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीमों का बजट बढ़कर 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 932 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा, जिससे बड़े खिलाड़ियों की एक मैच की कमाई करीब 8 से 9 करोड़ रुपए होगी.
125 करोड़ है अभी टीमों का बजट
आईपीएल टीमों के मौजूदा बजट की बात करें तो अभी 125 करोड़ रुपए है. इस रकम से सभी फ्रेंचाइजी ऑक्शन में खिलाड़ियों पर बोली लगाती है और टीम तैयार करती है. कोई भी टीम 125 करोड़ से ज्यादा पैसा खर्च नहीं कर सकती है. इस लीग के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी की बात करें तो वह ऋषभ पंत हैं, जिन्हें लखनऊ सुपरजायंट्स ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा था.
ऐसे में अगर ललित मोदी की भविष्यवाणी सच साबित होती है तो आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी और जैकब बेथल जैसे युवा खिलाड़ियों की लॉटरी लग जाएगी. क्योंकि ये सभी युवा खिलाड़ी हैं और वे लंबे समय तक इस लीग में अपना राज कर सकते हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, इस लीग में एक साधारण से साधारण खिलाड़ी भी हर मैच में करोड़ों रुपए कमा सकेगा. इसकी वजह पूरी दुनिया में आईपीएल का क्रेज और बढेगा और इस लीग में खेलने के लिए प्रतिस्पर्धा भी बहुत तगड़ी हो जाएगी.
