KKR VS LSG : लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरी गेंद पर कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया, मुकुल चौधरी रहे जीत के हीरो

स्पोर्ट्स

कोलकाता : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-15 में गुरुवार (9 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से हुआ. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुआ. मुकाबले में लखनऊ ने कोलकाता को तीन विकेट से हराया. कोलकाता ने लखनऊ को जीत के लिए 182 रनों का टारगेट दिया, जिसे उसने आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया. लखनऊ की जीत के हीरो मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाकर मैच पलट दिया. मुकुल ने सात छक्के और दो चौके लगाए.

आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 14 रन बनाने थे. वैभव अरोड़ा के उस ओवर में पहली गेंद पर आवेश खान ने सिंगल लिया. फिर मुकुल चौधरी ने दूसरी और पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया. जबकि आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी. लखनऊ की लगातार दूसरी जीत रही. वहीं कोलकाता की चार मैचों में ये तीसरी हार रही.

कोलकाता नाइट राइडर्स को शुरुआती मैचों में मुंबई इंडियंस (MI) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि पंजाब किंग्स (PBKS) संग उसका मुकाबला बारिश के चलते धुल गया था. उधर लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों हार झेलनी पड़ी थी. फिर एलसएजी ने सनराइजर्स हैदराबाद को परास्त किया था.

ऐसा रहा लखनऊ का रनचेज
रनचेज में लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी रही. एडेन मार्करम (22 रन) और मिचेल मार्श (15 रन) ने मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी की. ‘इम्पैक्ट सब’ वैभव अरोड़ा ने एक ही ओवर में दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. कप्तान ऋषभ पंत इस मैच में चल नहीं पाए और 10 रनों के निजी स्कोर पर कैमरन ग्रीन का शिकार बने. निकोलस पूरन से बड़ी इनिंग्स की उम्मीद थी, लेकिन वो सिर्फ 13 रन बनाकर तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की गेद पर कैच आउट हुए.

अब्दुल समद (2 रन) को अनुकूल रॉय ने बोल्ड कर कोलकाता नाइट राइडर्स को पांचवीं सफलता दिलाई. ‘इम्पैक्ट सब’ आयुष बदोनी हालांकि अच्छी बैटिंग कर रहे थे और उन्होंने फिफ्टी भी पूरी कर ली. अनुकूल रॉय ने बदोनी को पवेलियन भेजा. बदोनी ने 37 गेंदों पर 54 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे.

मोहम्मद शमी (1) स्पिनर सुनील नरेन की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में अनुकूल रॉय को कैच थमा बैठे. शमी के आउट होने के समय लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 128/7 था. यहां से मुकुल चौधरी ने अकेले दम पर बाजी पलट दी.

कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी
कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए चार विकेट पर 181 रन बनाए. कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में उसने फिन एलन (9 रन) का विकेट गंवा दिया, जो प्रिंस यादव की गेंद पर दिग्वेश राठी को कैच थमा बैठे. इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की. दिग्वेश राठी ने रहाणे को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा.

अजिंक्य रहाणे ने 24 गेंदों पर 41 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे. रहाणे के बाद अंगकृष रघुवंशी को स्पिनर मणिमारन सिद्धार्थ ने चलता किया. रघुवंशी ने 5 चौके और दो छक्के की मदद से 33 बॉल पर 45 रनों का योगदान दिया. उप-कप्तान रिंकू सिंह सिर्फ 4 रन बना सके और उनका विकेट आवेश खान ने लिया.

यहां से कैमरन ग्रीन और रोवमैन पॉवेल ने पांचवें विकेट के लिए 40 गेंदों पर नाबाद 70 रनों की साझेदारी कर कोलकाता नाइट राइडर्स को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. ग्रीन ने 3 चौके और एक सिक्स की मदद से 24 गेंदों पर 32* रन बनाए. वहीं पॉवेल ने 24 गेंदों पर 39* रनों का योगदान दिया, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे.

इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2 मुकाबले जीते हैं. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला आयोजित हुआ था, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 4 रनों से जीत हासिल की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *