विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत विशेष रोल प्रेक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल (आईएएस) की अध्यक्षता में आज एन0आई0सी0 सभागार में लखनऊ मण्डल के निर्वाचन कार्यों की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त श्री विजय विश्वास पंत, जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री विशाख जी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी ट्रांस गोमती, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। लखनऊ मण्डल के जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारियों ने बैठक में भौतिक रूप से प्रतिभाग किया, जबकि अन्य जनपदों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

बैठक के प्रारंभ में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा अपने-अपने जनपद की भौगोलिक स्थिति तथा निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इस दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान केन्द्रों, मतदेय स्थलों, बीएलओ की तैनाती, गणना प्रपत्रों की प्रगति, मतदाताओं की मैपिंग की स्थिति तथा डिजिटाइज किए गए प्रपत्रों की अद्यतन जानकारी दी गई। साथ ही बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान चिन्हित किए गए एएसडी श्रेणी के मतदाताओं की संख्या तथा उनके सत्यापन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
समीक्षा के दौरान विशेष प्रेक्षक श्री अग्रवाल ने निर्देशित किया कि Mapping एवं Logical Error के संबंध में जारी नोटिसों की सुनवाई पूर्ण होने के बाद उन्हें तत्काल ऑनलाइन किया जाए। आलेख्य प्रकाशन अवधि में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का बीएलओ के माध्यम से नियमानुसार सत्यापन कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समय-समय पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित कर उन्हें सभी तथ्यों से अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ निर्वाचक नामावली तैयार कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
विशेष प्रेक्षक ने नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष बल देते हुए फॉर्म-6 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।
विशेष रोल प्रेक्षक द्वारा जनपद लखनऊ के राजनैतिक दलों के साथ भी बैठक आहूत की गई। बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा जनपद में SIR प्रक्रिया की सराहना की गई।
निरीक्षण
विशेष रोल प्रेक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र 175 लखनऊ कैंटोनमेंट के अंतर्गत ईको गार्डेन स्थित वीआरसी/सुनवाई स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया तथा प्राप्त फर्मों आवेदनों की निस्तारण स्थिति की भी समीक्षा की। निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्टों का अवलोकन करते हुए विशेष प्रेक्षक ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यों की सराहना की।

