नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने वाराणसी भ्रमण के दौरान काल भैरव मंदिर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने अपने वाराणसी भ्रमण के दौरान काल भैरव मंदिर क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर वहां की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, सुगम आवागमन और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री शर्मा ने नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल को विशेष रूप से निर्देशित किया कि मंदिर मार्ग पर लगे अस्थायी अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि काल भैरव मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने सफाई कर्मियों की तैनाती बढ़ाने, कूड़ा निस्तारण की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाराणसी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप मंदिर क्षेत्रों में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखना नगर विकास विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने दोहराया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की स्वच्छ छवि को बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *