पुणे : महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुंबई लोक भवन में राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. उन्हें महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत एनसीपी और बीजेपी के तमाम नेता मौजूद रहे.
इससे पहले 28 जनवरी को बारामती में हुए एक विमान दुर्घटना में अजित पवार का आकस्मिक निधन हो गया था. जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि डिप्टी सीएम कौन बनेगा. जिसके बाद सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक दल का नेता भी चुना गया. अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई बारामती सीट से सुनेत्रा उपचुनाव भी लड़ेंगी.
शपथ ग्रहण से पहले सुनेत्रा पवार ने अपनी राज्यसभा सीट छोड़ दी. सूत्रों के मुताबिक एनसीपी उनकी जगह उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को राज्यसभा भेजेगी. सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में अपने दिवंगत पति अजित पवार की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस बीच, एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार के एक बयान ने सबको चौंका दिया है. उन्होंने बारामती में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने मीडिया से कहा, ‘हमें इस बारे में खबरों से पता चला. उनके दल ने क्या फैसला लिया, इसमें हमारी कोई सलाह नहीं ली गई.’ शरद पवार ने यह भी दावा किया कि अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे. उनके मुताबिक 12 फरवरी को पार्टी के एक होने का एलान होना था, लेकिन विमान हादसे ने सब बदल दिया.
पीएम मोदी ने सुनेत्रा पवार को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने लिखा, ‘महाराष्ट्र की डिप्टी चीफ मिनिस्टर के रूप में कार्यभार संभालने पर सुनेत्रा पवार जी को शुभकामनाएं. मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी और दिवंगत अजित पवार के विजन को आगे बढ़ाएंगी’.
