प्रयागराज : माघ मेला प्रशासन ने अविमुक्तेश्वरानंद को भेजा नोटिस, पूछा आप ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य कैसे? 24 घंटे में मांगा जवाब

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

प्रयागराज : प्रयागराज माघ मेले में मौनी अमावस्या के दिन यूपी सरकार के गृह सचिव मोहित गुप्ता और मेला अधिकारियों के साथ अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों से विवाद हो गया था. इस दौरान अधिकारियों पर अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों से मारपीट का भी आरोप लगा. जिसके बाद अविमुक्तेश्वरानंद ने स्नान से ही मना कर दिया था. तब से ही वह अपने शिविर के बाहर विरोध में बैठे हैं. वहीं अब मेला प्राधिकरण ने उन्हें नोटिस भेज दिया है.

नोटिस में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया गया है और 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा गया है. नोटिस में कहा गया है कि अविमुक्तेश्वरानंद कैसे खुद को ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य के रूप में बता रहे हैं. नोटिस में कहा गया है कि जब तक हाईकोर्ट कोई अग्रिम आदेश पट्टाभिषेक के संबंध में पारित नहीं करता है, तब तक कोई भी धर्माचार्य ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य के रूप में पट्टाभिषेकित नहीं हो सकता है.

अविमुक्तेश्वरानंद को प्रयागराज मेला प्रशासन की तरफ से भेजा गया नोटिस.

प्राधिकरण ने 24 घंटे में मांगा जवाब
प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने 24 घंटे में अविमुक्तेश्वरानंद से जवाब मांगा है. वहीं शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का विरोध मौनी अमावस्या से ही जारी है. विवाद के बाद से वह अपने शिविर में नहीं गए हैं. मौनी अमावस्या में स्नान नहीं कर पाने से नाराज शंकराचार्य का कहना है कि जब तक अधिकारी आकर माफी नहीं मांग लेते और उन्हें संगम स्नान नहीं कराते हैं. तब तक शिविर के बाहर ही पूर्णिमा तक बैठे रहेंगे.

इसके अलावा भविष्य में जब भी प्रयागराज आएंगे तो शिविर के बाहर ही रहेंगे और स्नान नहीं करेंगे. आपको बता दें कि प्रयागराज माघ मेले का समापन महाशिवरात्रि पर होगा. महाशिवरात्रि पर अखाड़ों का अंतिम स्नान होता है. 2026 के माघ मेले में अब तक करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं. हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ संगम तट पर उमड़ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *