वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हवाई हमला, एक साथ कई जगहों धमाका, अमेरिका पर एयर स्ट्राइक का शक

विदेश

नई दिल्ली : वेनेजुएला की राजधानी काराकास शनिवार को भीषण धमाकों से दहल उठी. स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर के रणनीतिक ठिकानों पर संदिग्ध हवाई हमले किए गए हैं. इन हमलों के पीछे अमेरिका का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक वाशिंगटन या वेनेजुएला सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

धमाकों के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की खबर है. यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच राजनीतिक तनाव पहले से ही चरम पर है.

पहला धमाका स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:50 बजे हुआ. सीएनएन के मुताबिक एक धमाका इतना तेज था कि घरों की खिड़कियां तक हिलने लगीं. धमाकों बाद राजधानी के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई.

एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें शहर की रोशनी के बीच रात के आसमान में धुएं के बड़े गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं. एक गुबार के नीचे नारंगी रंग की चमक नजर आ रही है, जिसके तुरंत बाद जोरदार ब्लास्ट हो जाता है.

सात जगहों पर हुए धमाके
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम सात धमाके हुए हैं और कई फाइटर जेट्स भी उड़ान भरते हुए देखे गए जिसके बाद अलग-अलग इलाकों के लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शहर में धमाकों की तस्वीरें नजर आ रही हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, काराकास शहर के पश्चिम में स्थित वेनेजुएला के मुख्य सैन्य ठिकाने ‘फोर्ट टिउना’ और ‘ला कार्लोटा’ के ऊपर विमानों की उड़ान के साथ जोरदार धमाके हुए.

इस बीच, कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘इस समय काराकास पर बमबारी की जा रही है. दुनिया को सतर्क हो जाना चाहिए, वेनेजुएला पर हमला हुआ है. मिसाइलों से बमबारी की जा रही है. OAS और संयुक्त राष्ट्र को तुरंत बैठक बुलानी चाहिए.’

पहले भी कई बार चेतावनी दे चुके हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कई बार चेतावनी दे चुके हैं कि अमेरिका वेनेजुएला में कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ नई कार्रवाई की तैयारी कर रहा है और ज़मीनी हमले “जल्द” शुरू हो सकते हैं. अक्टूबर में ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने सीआईए को वेनेजुएला के भीतर ऑपरेशन चलाने की अनुमति दी है, ताकि दक्षिण अमेरिकी देश से होने वाली अवैध प्रवास और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाई जा सके.

यह कदम राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है. हालिया समय में अमेरिका ने वेनेजुएला पर पाबंदियां और सख्त की हैं, क्षेत्र में सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है और कैरिबियन व प्रशांत महासागर में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो दर्जन से अधिक जहाजों को निशाना बनाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *