नई दिल्ली : पाकिस्तान इन दिनों बाढ़ से कराह रहा है. देश में चारों तरफ पानी ही पानी नजर है. भारत से सटे पंजाब और सिंध प्रांत में नदियां ऊफान पर है. गांव के गांव डूब गए हैं. वहां के आपदा प्रबंधन महकमे के हाथ-पांव फूले हुए हैं. इस बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक बेतुका बयान वायरल हो रहा है.
द इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा है कि दक्षिण एशिया में भारी बारिश के कारण रावी, चिनाब और सतलुज नदियों का जलस्तर काफी ज्यादा बढ़ गया है. खेत, गांव, शहर सब कुछ डूब चुका है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दो लाख लोगों को अब तक सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है. बाढ़ की ऐसी भयावहता लोगों ने पहले वहां नहीं देखी थी.
बाढ़ पीड़ितों का मजाक उड़ाने वाला बयान
ऐसे हालात में पाकिस्तान की सत्ता पर काबिज नेता मंत्री अजीबोगरीब बयान दे रहे हैं, जो हास्यास्पद है. एक न्यूज चैनल के बुलेटिन का क्लिप सामने आया है, जिसमें न्यूज एंकर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री से बाढ़ के हालात पर बात कर रहा है. इसमें पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बाढ़ को ‘आशीर्वाद’ के रूप में देखने की बात करते सुने जा सकते हैं.
बाल्टी और टब में बाढ़ का पानी स्टोर करने का आग्रह
ख्वाजा आसिफ पाकिस्तानी नागरिकों से ये आग्रह करते सुने जा सकते हैं कि बाढ़ के पानी को घरों में लोग स्टोर कर लें. उन्होंने कहा कि जो लोग रोड को ब्लॉक कर के बैठे थे, अब वो अपने घरों में बाढ़ के पानी को टब में, बाल्टियों में, या घर में और भी जो कुछ है, उसमें स्टोर कर लें.
बाढ़ को बताया आशीर्वाद
उन्होंने कहा कि इस पानी को हमें आशीर्वाद के तौर पर लेना चाहिए. सिर्फ घर में इसे स्टोर करने से कुछ नहीं होगा. इस पानी को स्टोर करने के लिए बड़े डैम होने चाहिए, जिन्हें बनने में सात-आठ साल लगे.
