टीम इंडिया के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा को पिछले दिनों डांसिंग रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 11’ में देखा गया था। इस शो में चहल भी धनश्री को सपोर्ट करने आए थे। धनश्री सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह कई बार ट्रोलिंग की शिकार भी हो जाती हैं। हाल ही में कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर के साथ धनश्री की फोटो वायरल हुई थी। इसमें दोनों एक-दूसरे की बांहों में थे।
इस फोटो को लेकर धनश्री ट्रोल हुई थीं। अब धनश्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। धनश्री ने कहा, “पहले पूछिए और फिर इंसान बनिए। कोई भी फैसला या राय सुनाना बहुत आसान है। मैं अपनी जिंदगी में कभी भी ट्रोल या मीम्स से प्रभावित नहीं हुई हूं…क्योंकि हाल ही में जब यह ट्रोल हुआ था, तब तक इसे नजरअंदाज करने या इस पर जोर से हंसने की मेरे अंदर मैच्योरिटी है।
लेकिन इस बार की ट्रोलिंग ने मुझे इफेक्ट किया…इसका कारण है, क्योंकि इस ट्रोलिंग से मेरे परिवार और करीबियों पर असर हुआ, वो टूट जाते हैं…ये सब सुनकर। आप सबसे गुजारिश करती हूं कि आप लोग प्यार फैलाएं नफरत नहीं। सोशल मीडिया मेरे काम का एक बड़ा हिस्सा है और मैं इसे छोड़ नहीं सकती हूं। यही वजह है कि मैं फिर से आज यहां बहुत हिम्मत करके आई हूं।
बस आप लोगों से गुजारिश है कि थोड़ा और संवेदनशील बनें और अपनी प्रतिभा पर ध्यान लगाएं। तो बस यह मत भूलो कि मैं भी सिर्फ एक औरत हूं, बिल्कुल आपकी मां, आपकी बहन, आपकी दोस्त, आपकी पत्नी की तरह। और ऐसा नहीं किया जाता है। यह उचित नहीं है। तो दोस्तों, प्लीज आप जानते हैं, मैं एक फाइटर हूं, मैंने कभी हार नहीं मानी है। मैं एक बार फिर मजबूती के साथ खड़ी रहूंगी और हार नहीं मानूंगी।”
