पाकिस्तान में चुनाव से पहले आतंकी हुए सक्रिय, पुलिस स्टेशन पर किया हमला, 10 पुलिसकर्मियों की मौत

टॉप न्यूज़ विदेश

नई दिल्ली : पाकिस्तान में चुनाव नजदीक आते ही आतंकी गतिविधियां बढ़ गई है. आठ फरवरी को आम चुनाव होने हैं, उससे पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान में एक पुलिस स्टेशन पर आतंकी हमला हुआ है, जिसमें 10 पुलिसकर्मी मारे गए गए हैं.

पुलिस ने सोमवार को बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में एक पुलिस स्टेशन पर देर रात हुए हमले में कम से कम 10 पुलिसकर्मी मारे गए हैं, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें डीएचक्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने बताया कि जिले की तहसील दरबान में आतंकवादियों ने तड़के तीन बजे पुलिस थाने पर भारी हथियारों से हमला कर दिया. आतंकियों ने चारों ओर से ग्रेनेड फेंकने के साथ ही भारी गोलीबारी की. सरकारी एजेंसी ने कहा कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन आतंकवादी रात के अंधेरे में भाग गए.

पाक पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों द्वारा आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर ली गई है. साथ ही इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. इसके साथ ही रेपिड एक्शन फोर्स भी मौके पर तैनात है.

पाकिस्तान में आठ फरवरी को चुनाव होने हैं. उससे पहले पड़ोसी देश लगातार आतंकी हमलों का सामना कर रहा है. हाल ही में बलूचिस्तान में हुए लगातार तीन आतंकी हमलों में चार सरकारी कर्मचारी और दो नागरिक मारे गए थे, जिसके बाद पाक सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में नौ आतंकवादी की भी मौत हो गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *