सलमान खान पिछली फिल्म टाइगर 3 को बॉक्स ऑफिस पर वो सफलता नहीं मिली जिसकी उम्मीद की जा रही थी। हालांकि फिल्म ने वैश्विक स्तर पर लगभग 500 करोड़ का कारोबार करने में सफलता पाई लेकिन यह सफलता वैसी नहीं थी, जो उनकी टाइगर सीरीज की पिछली दो फिल्मों को मिली थी। अब सलमान खान अपनी अगली फिल्म सिकंदर को लेकर चर्चाओं में हैं। इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि यह सलमान खान की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म होगी। पिछले महीने ईद के मौके पर अपने प्रशंसकों को सिकंदर का एलान कर सरप्राइज दिया था। उससे भी बड़ा सरप्राइज फिल्म के निर्देशक एआर मुरुगादास का नाम सामने पर हुआ था। मुरुगादास ने हिन्दी सिनेमा को आमिर खान के साथ पहली 100 करोड़ी फिल्म गजनी दी थी। उसके बाद उन्होंने अक्षय कुमार को लेकर हॉलिडे दी। अब सिकंदर की चर्चा इस फिल्म में खलनायक की भूमिका को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म में खलनायक की भूमिका के लिए दक्षिण भारत के ऐसे दमदार सितारे की तलाश की जा रही है जो सलमान खान को परदे पर बराबरी की टक्कर दे सके। हालांकि अभी तक किसी नाम पर सहमति नहीं हुई है, लेकिन तीन नामों की चर्चा ज्यादा हो रही है। इनमें प्रकाश राज, अरविन्द स्वामी और कार्तिकेय का नाम आगे चल रहा है। कहा जा रहा है कि इन्हीं तीन में से कोई एक होगा जो सलमान खान को टक्कर देगा।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में हीरो से ज्यादा विलेन का स्ट्रोंग होना ऑडियंस को पसंद आता है। ऐसे में सलमान खान जैसे एक्टर को टक्कर देने के लिए विलेन भी खास होना चाहिए। निर्देशक एआर मुरुगादास ने विलेन को ध्यान में रख कर शानदार सीन तैयार किए हैं। ऐसे में अरविंद स्वामी, प्रकाश राज और कार्तिकेय में से किसी एक के नाम की जल्द पुष्टि की जाएगी।
सलमान के साथ प्रकाश राज पहले वांटेड में घनी भाई का किरदार निभा चुके हैं। हालांकि उस फिल्म में उनसे ओवर एक्ट करवाया गया था। ऐसे में हमें नहीं लगता कि प्रकाश राज सलमान खान के सामने दमदार साबित होंगे। अरविन्द स्वामी इन दिनों दक्षिण भारतीय फिल्मों में काफी सक्रिय हैं जहाँ वे सकारात्मक और नकारात्मक दोनों प्रकार की भूमिकाओं में दर्शकों को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में उनके सलमान खान के साथ काम करने की सम्भावनाएँ ज्यादा नजर आ रही हैं।
