मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए प्रचार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मिर्जापुर की चुनावी रैली में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर बरसे। मोदी ने कहा कि मैं बचपन से कप-प्लेट धोते और चाय पिलाते हुए बड़ा हुआ हूं। जैसे ही विजय का सूरज उगता है तो कमल भी खिलता है। उसी समय कप-प्लेट की याद आती है। चाय की चुस्की लेने का मन करता है। मोदी और चाय का नाता इतना तगड़ा है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने मिर्जापुर को बदनाम कर दिया था। पूर्वांचल को माफिया का सुरक्षित ठिकाना बना दिया था। जीवन या जमीन कब छिन जाए, कोई नहीं जानता था। योगी जी मेरे स्वच्छता अभियान को बहादुरी से आगे बढ़ा रहे हैं।
समाजवादी सरकार में पहले जनता थर-थर कांपती थी, अब माफिया थर-थर कांप रहा है। पीएम मोदी ने 28 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया। भोजपुरी से भाषण की शुरुआत की। पूछा- आप लोगन के का हालचाल बा, आप लोगन मजे में हैं न? पब्लिक ने भी इसी लहजे में मोदी की बात पर रिस्पांस किया।
