कोलकाता : गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने पीओके में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि पीओके भारत का हिस्सा है और हम इसे लेकर रहेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि आज पीओके में पत्थरबाजी हो रही है, भारतीय कश्मीर में नहीं.
सेराम्पोर में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि साल 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद एक समय अशांत रहे कश्मीर में शांति लौट आई है, लेकिन पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर अब विरोध प्रदर्शनों और आजादी के नारों से गूंज रहा है. पहले यहां आजादी के नारे सुनाई देते थे, अब वही नारे पीओके में सुनाई देते हैं. पहले यहां पत्थर फेंके जाते थे, अब पीओके में पथराव हो रहा है.’
पीओके पर कब्जे की मांग का समर्थन नहीं करने के लिए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, ‘मणिशंकर अय्यर जैसे कांग्रेस नेता कहते हैं कि ऐसा नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि उनके पास परमाणु बम है. मैं कहना चाहता हूं कि वह भारत का हिस्सा है और हम उसे (पीओके ) लेंगे.’
कभी भी एक पैसे लेने का आरोप नहीं- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि वर्तमान लोकसभा चुनाव ‘ इंडियन नेशनल इंक्लूजिव डेमोक्रेटिक अलायंस’ (इंडी) गठबंधन के भ्रष्ट नेताओं और ईमानदार राजनेता नरेन्द्र मोदी के बीच चयन करने का चुनाव है. मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने के बावजूद कभी भी उनके खिलाफ एक पैसे का भी आरोप नहीं लगा.’
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएए के समर्थन में भी बातें कहीं. गृह मंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने और अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए ‘घुसपैठियों के समर्थन में रैलियां निकालने’ के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की.
