इंडिया गठबंधन की बैठक : खड़गे बोले-हम 295 से ज्यादा सीट जीतेंगे

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के लिए शनिवार को मतदान जारी है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक हुई। बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है की इंडिया गठबंधन 295 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

आपको बता दे की बैठक में शामिल होने के लिए राहुल गांधी, सोनिया गांधी, शरद पवार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, फारूक अब्दुल्ला, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, भगवंत मान, रामगोपाल यादव, डी. राजा, संजय सिंह, राघव चड्ढा, सीताराम येचुरी, कल्पना सोरेन सहित गठबंधन के कई नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे हैं। बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न दल चुनाव बाद की संयुक्त रणनीति पर चर्चा करेंगे।

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बैठक में नहीं आ रही हैं। एक अन्य महत्वपूर्ण नेता और इंडिया गठबंधन के अहम घटक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी बैठक से अनुपस्थित हैं। उनके स्थान पर उनकी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य बैठक में उनका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी भी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है। कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों ने उम्मीद जताई है कि वे केंद्र में बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होंगे। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव जैसे नेताओं का कहना है कि इंडिया गठबंधन को लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *