संजय लीला भंसाली सिनेमा के उन निर्देशकों में शामिल हैं जिनकी फिल्मों का दर्शकों को इंतजार रहता है। जिनकी हर फिल्म दर्शक के भीतर तक छूती है। गंगूबाई काठियावाड़ी के बाद संजय लीला भंसाली ने बैजू बावरा के रीमेक की घोषणा की थी। वर्ष 2020 में उन्होंने रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के साथ इसे बनाने का फैसला किया था। फिल्म में नकारात्मक भूमिका के लिए उन्होंने दीपिका पादुकोण को लेने का मानस बनाया था।
तीन साल से ज्यादा का समय बीत गया, लेकिन फिल्म फ्लोर पर नहीं जा पाई। कहा जा रहा है कि फिल्म के नहीं बनने के पीछे इसका बजट है। बजट को देखते हुए भंसाली के साथ कोई स्टूडियो जुड़ नहीं पा रहा है। तर्क यह दिया जा रहा है कि उनकी पिछली प्रदर्शित फिल्मों ने सराहना तो बहुत पायी है लेकिन बॉक्स ऑफिस पर वे कोई बड़ा धमाका नहीं कर पायी हैं।
ठंडे बस्ते में नहीं गई बैजू बावरा
इस बीच कहा जा रहा है कि बजट कम पड़ने की वजह से संजय लीला भंसाली की यह फिल्म ठंडे बस्ते में नहीं गई है। फिल्म जरूर बनेगी लेकिन एक दो वर्ष बाद। प्राप्त समाचारों के अनुसार भंसाली ने अपनी इस फिल्म को आगे सरका दिया है। इसके स्थान पर वे अपनी दूसरी फिल्म को शुरू करने की तैयारियों में हैं। उनकी यह फिल्म इंशाअल्लाह है, जिसे वे पहले सलमान खान और आलिया भट्ट के साथ बनाना चाहते थे, लेकिन क्रिएटिव डिफरेंस के चलते फिल्म बन नहीं पाई। अब इंशाअल्लाह को शाहरुख के साथ बनाने की तैयारी की जा रही है। इंशाअल्लाह को लेकर भंसाली मार्च 2024 तक अनाउंसमेंट करेंगे। इसी के चलते भंसाली ने अपनी फिल्म बैजू बावरा को आगे सरका दिया है।
संजय की पिछली रिलीज गंगूबाई काठियावाड़ी थी, इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। आलिया ने इसमें लीड रोल प्ले किया था। फैंस को संजय की हर फिल्म का इंतजार रहता है। उम्मीद है दर्शकों को जल्द भंसाली का सिनेमा पर्दे पर देखने को मिलेगा।