पाकिस्तान चुनाव: मतदान जारी, सुरक्षा अधिकारी की हत्या, इमरान खान ने अदियाला जेल से किया मतदान

विदेश

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में गुरुवार को एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई, जहां नई सरकार चुनने के लिए मतदान चल रहा है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

खैबर समाचार के अनुसार, बंदूकधारियों द्वारा सुरक्षा बलों के वाहन पर की गई गोलीबारी में सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

पूरे देश में इंटरनेट को भी निलंबित कर दिया गया है, जिसे सरकार ने “सुरक्षा उपाय” बताया है।

कार्यवाहक संघीय सूचना मंत्री मुर्तजा सोलंगी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) (पीएमएल-एन) प्रमुख शहबाज शरीफ शुरुआती मतदाताओं में से थे।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ईरान और अफगानिस्तान के साथ देश की सीमा को सील कर दिया गया है।

मतदान की पूर्व संध्या पर, बलूचिस्तान प्रांत के पिशिन और किला सैफुल्लाह में दोहरे आतंकवादी हमलों में कई लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान ने गुरुवार को अद‍ियाला जेल से डाक मतपत्र के माध्यम से आम चुनाव के लिए अपना वोट डाला। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।हालांकि, खान की पत्नी बुशरा बीबी मतदान नहीं कर सकीं, क्योंकि डाक मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें दोषी ठहराया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।

डॉन ने जेल अधिकारियों के हवाले से बताया कि केवल वैध कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र (सीएनआईसी) वाले कैदियों को ही मतदान करने की अनुमति दी गई है।बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में, पीटीआई के केंद्रीय सूचना सचिव रऊफ हसन ने कहा था कि पूर्व प्रधान मंत्री खान ने देश की गरिमा, सम्मान और संप्रभुता को बहाल करने और लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अपना जीवन सहित सब कुछ समर्पित कर दिया है।

हसन ने कहा, “देश के नागरिक होने के नाते हमें कर्ज चुकाना है। हमें अपने वोट का इस्तेमाल उस सड़ी-गली व्यवस्था को खत्म करके पाकिस्तान का चेहरा बदलने के लिए करना चाहिए, जिसने देश और इसके लोगों पर बुरी पकड़ बना रखी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *