साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज जीत के बाद विराट कोहली ने किये सिंहाचलम मंदिर में दर्शन

स्पोर्ट्स

नई दिल्ली : टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की मंदिरों में गहरी श्रद्धा है. वह अक्सर पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ धार्मिक स्थलों पर जाते नजर आते हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करने और भारत को जीत दिलाने के बाद भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. सीरीज खत्म होते ही कोहली विशाखापट्टनम के प्रसिद्ध सिंहाचलम मंदिर पहुंचे और भगवान विष्णु के दर्शन किए. मंदिर से उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

कोहली के लिए यादगार रही ये सीरीज
कोहली के लिए यह सीरीज बेहद यादगार रही. उन्होंने तीन मैचों में 302 रन बनाए, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल था. शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया.

मंदिर जाते समय कोहली साधारण लुक में दिखे. सफेद टी-शर्ट, कंधे पर तौलिया और हाथ में फूलों की माला. मंदिर में वह शांत मन से पूजा करते दिखे. बड़ी जीत के बाद कोहली का मंदिर जाना कई बार देखा गया है, जिसे उनकी मानसिक मजबूत तैयारी का हिस्सा माना जाता है.

 

सिंहाचलम मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित एक प्राचीन और प्रसिद्ध स्थल है. पहाड़ी पर बने इस मंदिर की खूबसूरत वास्तुकला और धार्मिक महत्व इसे बेहद खास बनाते हैं. यहां हर साल हजारों लोग दर्शन के लिए आते हैं. कोहली के आने से मंदिर की चर्चा और बढ़ गई.

सीरीज में कोहली का बल्ला खूब चला. रांची में उन्होंने 135 रन बनाए, जिससे वह एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. दूसरे मैच में भी उन्होंने 102 रन जड़े. आखिरी मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 45 गेंदों पर 65 रन की नाबाद तेज पारी खेली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *