विक्रम हुई 300 करोड़ी, अब सभी कर्जे चुका सकता हूँ: कमल हासन

मनोरंजन

दक्षिण भारत के साथ-साथ हिन्दी फिल्मों के भी ख्यातनाम अभिनेता रहे कमल हासन ने 4 साल के लंबे इंतजार के बाद विक्रम के जरिये परदे पर वापसी की है। लोकेश कनकराज के निर्देशन में बनी विक्रम ने वैश्विक स्तर पर 300 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त कर ली है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म ने 11 दिनों में ही 322 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा लिए हैं। इतना ही नहीं फिल्म ने सिर्फ भारत से ही 220 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। इसके साथ ही कमल हासन के करियर की यह बेस्ट फिल्म भी बन गई है। विक्रम की सफलता के बाद हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में कमल हासन ने कहा कि इस फिल्म से उन्हें जितना पैसा मिलने वाला है, उससे वे अब अपने सारे लोन चुका सकते हैं।

कमल हासन ने यह भी कहा, अब मैं अपने सारे लोन चुका सकता हूं। अपने पसंद के कंटेंट पर ही काम करूंगा। अपनी फैमिली और फ्रेंड्स को कुछ भी दे सकता हूं, जो भी देना चाहता हूं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इससे पहले जब वह कहते थे कि उनकी फिल्म 300 करोड़ रुपए कमाएगी तो कोई ये बात मानता नहीं था।

अपने साक्षात्कार में आगे बोलते हुए कमल हासन ने कहा, अगर आगे मेरे पास कुछ नहीं बचा, तो मैं कहूंगा कि मेरे पास देने के लिए और कुछ नहीं है। मुझे किसी और के पैसे लेकर दूसरों की मदद करने का नाटक नहीं करना है। मुझे कोई ग्रैंड टाइटल नहीं चाहिए। मैं सिर्फ एक अच्छा इंसान बनना चाहता हूं।

प्राप्त समाचारों के मुताबिक, 150 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने 11 दिन में इंडिया से सभी भाषाओं में 220.75 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। वहीं फिल्म ने अब तक वल्र्ड वाइड 322.15 करोड़ रुपए का ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है। इस फिल्म को दुनियाभर में 3200 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था।

इस एक्शन ड्रामा फिल्म को लोकेश कनगराज ने निर्देशित किया है। इस फिल्म में कमल हासन के अलावा विजय सेतुपति, फहाद फाजिल, कालिदास जयराम, नारायण, एंटनी वर्गीस और अर्जुन दास भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सूर्या का एक कैमियो भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *