वाराणसी की कचहरी में एक दरोगा और सिपाहियों की पिटाई का मामला गरमा गया है. दरअसल बड़ागांव थाने में तैनात दरोगा मिथिलेश प्रजापति और उनके साथ कुछ सिपाही कचहरी पहुंचे थे, जहां वकीलों उन्हें घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. घटना में दरोगा मिथिलेश गंभीर चोटें आईं और कुछ सिपाही घायल हुए. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.
Varanasi, court, police officer beaten, constables beaten, lawyers beat the police officer in Baragaon police station, वाराणसी, कचहरी, दारोगा को पीटा, सिपाहियों को पीटा, बड़ागांव थाना, वकीलों ने दारोगा को पीटा
इस वजह से दरोगा की हुई पिटाई
दरोगा की पिटाई की वजह एक पुराना मामला है, जिसमें दारोगा ने कथित तौर पर एक वकील के साथ बदतमीजी और मारपीट की थी. इसका बदला लेने के लिए वकीलों ने घात लगाकर कचहरी में दारोगा पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि पिटाई का कारण एक पुराना जमीनी विवाद था, जिसमें दारोगा मिथिलेश प्रजापति ने एक वकील को हिरासत में लिया था. आरोप है कि उस दौरान दारोगा ने वकील के साथ न केवल बदतमीजी की थी बल्कि मारपीट भी की थी.
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
पिटाई के बाद दारोगा की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें पहले दीनदयाल अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स, डीआईजी शिवहरी मीणा और डीएम सत्येंद्र कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने वकीलों से परिसर खाली करने की अपील की और हालात को शांत करने की कोशिश की. बनारस बार और सेंट्रल बार के पदाधिकारियों ने भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया.
तनाव के बाद शांत हुआ माहौल
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही मामला शांत हुआ, लेकिन कचहरी परिसर में तनाव बना रहा. सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है. डीआईजी और डीएम ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. पुलिस अधिकारियों ने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की है.
