इस्लामाबाद। ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में आज युद्धविराम पर बातचीत होनी है. इससे पहले दो हफ्तों के सीजफायर का ऐलान हो चुका है. वार्ता को लेकर अमेरिकी डेलिगेशन इस्लामाबाद पहुंच चुका है। इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर जेडी वेंस का स्वागत फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और विदेश मंत्री इशाक डार ने किया। इससे पहले पाकिस्तान में अमेरिका के साथ बातचीत करने के लिए ईरानी डेलिगेशन इस्लामाबाद पहुंच चुका है। ईरान के पार्लियामेंट स्पीकर मोहम्मद गालिबफ को इस्लामाबाद ले जा रहे विमान की तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में मिनाब स्कूल हमले में मारे गए बच्चों की तस्वीरें विमान की सीटों पर रखी गई। इन तस्वीरों के साथ बच्चों के स्कूल बैग और गुलाब के फूल भी रखे गए थे। यह एक भावुक तस्वीर है जो उन बच्चों को श्रद्धांजलि दे रही है। इस्लामाबाद जाने के दौरान गालिबफ ने इस तस्वीर के जरिए एक मैसेज दिया। एयरक्राफ्ट के अंदर, कई खाली सीटों पर मिनाब स्कूल स्ट्राइक के पीड़ितों की फोटो और निजी सामान रखे थे। ईरानी अधिकारी के अनुसार, ये बच्चे अमेरिका-इजरायली हमले में मारे गए थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए गालिबफ ने लिखा, “मिनाब 168, इस विमान में मेरे साथी।” उन्होंने 28 फरवरी, 2026 को मिनाब के एक एलिमेंट्री स्कूल पर हुए स्ट्राइक में अपनी जान गंवाने वाले बच्चों और स्टाफ के इस सफर के लिए अपना साथी बताया। इस घटना में कथित तौर पर कम से कम 165 मौतें हुईं और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए। वहीं पाकिस्तान में उच्च स्तरीय बातचीत से पहले ईरान ने अपने पक्ष को मजबूत करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मैसेज दिया है।
