आगरा, जागरण संवाददाता। पंचायतों का आरक्षण घोषित हो गया है, जिस पर चार से आठ मार्च तक आपत्तियां स्वीकारी जाएंगी। इसके बाद आपत्तियों का संकलन होगा और 14 मार्च तक अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य का आरक्षण आवंटन सोमवार देररात जारी हो गया था। कई वार्ड की श्रेणी बदल गई है, जिससे उम्मीदवारों को आपत्तियां हैं। मंगलवार भी कुछ लोग विकास भवन में जानकारी करने, आपत्ति दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन उन्हें बैरंग होना पड़ा। जिला प्रशासन ने आपत्तियों के लिए पांच दिन निर्धारित कर दिए हैं। गुरुवार से विकास भवन और ब्लाक स्तर पर अापत्तियां स्वीकारी जाएंगी। इसके बाद निस्तारण कर अंतिम सूची प्रकाशन होगा। आवंटन जारी होने के बाद दर्जनों ग्राम पंचायत सदस्य खामियां निकाल रहे हैं, तो कुछ क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य के उम्मीदवार भी असंतुष्ट है।