यूपी : ट्रेन में महिला कांस्टेबल से दरिंदगी करने वाला पहुंचा पाताल लोक, पुलिस और STF ने एनकाउंटर में किया ढ़ेर

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

अयोध्या : यूपी के अयोध्या जिले के पूरा कलंदर में ट्रेन में महिला सिपाही के साथ दरिंदगी करने वाले मुख्य आरोपी को यूपी पुलिस और एसटीएफ ने मुठभेड़ मार गिराया. पुलिस के मुताबिक अनीस क्रॉस फायरिंग मे मारा गया है. वहीं अनीस के दो साथी इनायतनगर में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी आजाद और विशंभर दयाल उर्फ लल्लू घायल हैं.

बता दें कि आरोपी अनीस ट्रेन में जा रही महिला सिपाही से छेड़खानी कर रहा था. महिला सिपाही ने इसका विरोध किया तो वह नहीं माना. इसपर महिला सिपाही ने उसे पटक दिया. ये देख तीनों बदमाशों ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया और उसके चेहरे पर हमला कर लहूलुहान कर दिया.

बताया जा रहा है बदमाशों ने ट्रेन की खिड़की से महिला का सिर पटक दिया था जिससे वो बुरी तरह जख्मी हो गई थी. इसके बाद तीनों बदमाश अयोध्या स्टेशन आने से पहले जैसे ही ट्रेन धीमी हुई तो फरार हो गए. महिला सिपाही से इस दरिंदगी के बाद यूपी एसटीएफ और अयोध्या पुलिस ने महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने वाले एक बदमाश को मार गिराया जबकि दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है.

अस्पताल में हुई अनीस की मौत: एसएसपी
एनकाउंटर पर एसएसपी ने बताया कि पीड़ित महिला सिपाही को तस्वीर दिखाकर आरोपी की पहचान कराई गई थी, इसके बाद पुलिस और एसटीएफ लगातार तीनों आरोपियों की तलाश कर रही थी. आज गुप्त सूचना मिलने के बाद जब इनायत नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापा मारकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई जो अनीस को लगी और वह घायल हो गया. इसके बाद पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई जहां उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने रखा था एक लाख रुपये का इनाम
बता दें कि सुल्तानपुर में तैनात महिला कांस्टेबल पर सरयू एक्सप्रेस में हुआ जानलेवा हमला सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद की वजह से हुआ था. लखनऊ केजीएमसी में भर्ती महिला कांस्टेबल से पूछताछ के दौरान पुलिस टीम को यह अहम जानकारी दी थी. इसके बाद एसटीएफ की टीमें मनकापुर से अयोध्या आने वाले 150 से अधिक लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश में जुट गई थी. पुलिस ने आरोपियों के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की भी घोषणा की थी.

सीट को लेकर हुआ था विवाद
यह घटना बीते 30 अगस्त को मनकापुर से अयोध्या आ रही सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल के साथ हुई थी. रिपोर्ट के मुताबिक सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल ऊपर वाले बर्थ पर लेटी हुई थी जिसको लेकर दोनों हमलावरों से उसका मनकापुर में ही झगड़ा हुआ था.

आधी रात को हाई कोर्ट में हुई थी सुनवाई
महिला कांस्टेबल पर हुए हमले की गंभीरता को देखते हुए इलाहबाद हाईकोर्ट ने इस पर स्वत: संज्ञान लिया था. मामले में स्पेशल सुनवाई के लिए रात कोर्ट खोला गया और जज के घर पर बेंच बिठाई गई. इसके बाद कोर्ट ने रेलवे और सरकार से सख्त सवाल पूछे और कार्रवाई की जानकारी देने को कहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *