यूपी : अफवाह के बीच प्रयागराज, गोंडा-हापुड़-देवरिया में पेट्रोल पंपों पर टंकी फुल कराने के लिए जुटी लोगों भीड़

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : देश के अलग-अलग राज्यों में गैस के बाद लोग अब पेट्रोल-डीजल को लेकर परेशान हो रहे हैं. मध्यप्रदेश और गुजरात के बाद अब उत्तर प्रदेश और असम तक पेट्रोल-डीजल को लेकर पैनिक बाइंग का असर दिखाई देने लगा है. यूपी के कई जिलों में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के बीच पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए हैं. जहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई है.

पेट्रोल के लिए बुधवार रात को यूपी के प्रयागराज, गोंडा, सिद्धार्थनगर, हापुड़, देवरिया, संत कबीर नगर सहित कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं. सबको यही डर सता रहा है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल खत्म होने जा रहा है.

हालांकि प्रशासन लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पर्याप्त स्टॉक होने की अपील कर रहा है. प्रयागराज में पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद अफवाह फैलने से पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोग डर के कारण अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पहुंच गए.

इसी तरह देवरिया में भी सुबह से ही पेट्रोल खत्म होने की चर्चा फैल गई, जिसके बाद लोग पंपों पर उमड़ पड़े. देवरिया की डीएम दिव्या मित्तल ने वीडियो संदेश जारी कर साफ कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और घबराने की जरूरत नहीं है.

गोंडा में आज पेट्रोल लेने वाले की भीड़ अचानक पंपों पर बढ़ गई दो एक पेट्रोल पंपों के बंद होने के कारण अफरातफरी फैल गई जिससे पंपों पर पेट्रोल भरवाने के लिए गाड़ियों की लंबी लंबी लाइनें लग गई. यह आलम तब है जब शहर के एक पेट्रोल पंप मालिक विजय तिवारी ने बताया कि हमारे पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है.

अफवाह के चलते भीड़ लगी है. अपर जिला अधिकारी आलोक कुमार की माने तो जिले में पर्याप्त तेल का स्टॉक मौजूद है एडीएम ने फोन पर बताया कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी एक्शन लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *