ओमान के सोहार में ड्रोन हमले में दो भारतीयों की मौत, दस घायल

विदेश

नई द‍िल्‍ली। ओमान के सोहार में शुक्रवार को हुए एक ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दस भारतीयों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच हुए इस हमले पर भारत सरकार ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट क‍िया, ”आज ओमान के सोहार में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के दौरान हुए एक हमले में हमने दो भारतीय नागरिकों को खो दिया। कई अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं। हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
जायसवाल ने बताया क‍ि ओमान में हमारा मिशन स्थानीय अधिकारियों और नियोक्ता कंपनी के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
मिडिल ईस्‍ट में जारी तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट एक गहरी च‍िंता बना हुआ है। एक ओर आज शुक्रवार को भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली ने संकेत द‍िया है क‍ि होर्मुज स्ट्रेट से भारतीय जहाजों को जल्द ही सुरक्षित आवाजाही की अनुमति दी जा सकती है। वहीं दूसरी ओर खाड़ी देशों में लगातार हमले जारी हैं।
ओमान के सोहार में शुक्रवार को हुए ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जबकि दस भारतीय घायल हुए हैं।
राजदूत फतहली ने कहा कि भारत और ईरान क्षेत्र में साझा हित रखते हैं। उन्होंने कहा, “भारत हमारा मित्र देश है। आप इसे दो-तीन घंटों के भीतर देखेंगे। हमारा मानना है कि ईरान और भारत के क्षेत्र में समान हित हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के बाद मौजूदा हालात में भारत सरकार ने कई क्षेत्रों में ईरान की मदद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *