पति की हत्या कर शव को घर में जलाने की कोशिश, पुलिस को रोकने के लिए महिला ने क्या किया

देश

जमशेदपुर। जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत ओल्ड सुभाष कॉलोनी में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर उसके शव को घर में ही जलाने की कोशिश की। महिला ने खुद को घर में कैद कर लिया और पुलिस को घर के अंदर दाखिल होने से रोकने के लिए दरवाजे पर बिजली का करंट दौड़ा दिया। महिला लाठी लेकर छत पर चढ़ गई और पड़ोसियों को धमकाया। पुलिस बड़ी मुश्किल से घर के अंदर दाखिल हुई, जहां से उसके पति अमरनाथ सिंह का अधजला शव बरामद किया गया।

अमरनाथ सिंह ट्रांसपोटिर्ंग और रियल इस्टेट के बिजनेस से जुड़े थे। हत्या की आरोपी उनकी पत्नी मीरा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ओल्ड सुभाष कॉलोनी लाइन नंबर 3 सी स्थित मकान में रहने वाले मीरा सिंह और अमरनाथ सिंह के दो बच्चे हैं, जो पढ़ाई और नौकरी के सिलसिले में पुणे और बेंगलुरु में रहते हैं।

पड़ोसियों के मुताबिक मीरा सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता रहता था।

बीती रात उनके घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। पता चला कि अमरनाथ सिंह चार-पांच दिनों से घर के बाहर नहीं आए हैं।

पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुणे में रहने वाले उनके बेटे को दी। उनके बेटे ने जमशेदपुर पुलिस को फोन कर सूचना दी। इसके बाद उलीडीह और मानगो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो मीरा सिंह हंगामा करने लगी।

वह लाठी लेकर छत पर चढ़ गईं और लोगों को धमकाने लगीं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने घर में बिजली का करंट दौड़ा दिया।

बाद में पुलिस ने इलाके की बिजली कटवाने के बाद घर में प्रवेश किया तो अमरनाथ सिंह का अधजला शव बरामद किया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *