लखनऊ, दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-172 लखनऊ उत्तर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्रों का कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने लायंस राजधानी विद्यालय त्रिवेणी नगर अलीगंज के बूथ 132, 133, 134, 135, 136, 137, 138, 139, 140, 141, 142 एवं ब्राइटलैंड इंटर कालेज के बूथ संख्या 147, 148, 149, 150, 151 एवं 152 का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात उन्होंने निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्र के कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया। बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) द्वारा अवगत कराया की मतदाताओं द्वारा विधिवत रूप से भरे गए गणना प्रपत्र को बीएलओ के पास वापस जमा करने की प्रक्रिया चल रही है।
बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे फॉर्म भरने में मतदाताओं को आने वाली किसी भी शंका या संदेह का तत्काल समाधान करें। साथ ही ईआरओ को निर्देशित किया कि सप्लाई इंस्पेक्टर, एडीओ पंचायत, कोटेदार को बीएलओ के साथ फील्ड में लगाकर गणना प्रपत्रों का कलेक्शन कराना सुनिश्चित किया जाए। समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र को जल्द से जल्द भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें।
