पहले टेस्ट मैच में मिली हार के बाद ये खिलाड़ी टीम इंडिया से होगा बाहर

स्पोर्ट्स

नई दिल्ली : भारत को इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद टेस्ट मैच में 28 रनों से हार का सामना करना पड़ा. मुकाबले में भारतीय टीम को पहली पारी के आधार पर 190 रनों की लीड मिल गई थी. मगर उसके बाद उसने मोमेंटम गंवा दिया. भारतीय टीम ने अपने घर पर 100 या उससे ज्यादा की लीड हासिल करने के बाद पहली बार कोई टेस्ट मैच गंवाया है.

रन लेने के दौरान इंजर्ड हुए जडेजा
अब रोहित ब्रिगेड 2 फरवरी से विशाखापत्तनम में होने वाले टेस्ट के जरिए वापसी करना चाहेगी. हालांकि इसी बीच भारतीय टीम के लिए ऐसी खबर आई है, जो उसकी टेंशन बढ़ा सकता है. स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है और उनका दूसरे टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध है. जडेजा यदि नहीं खेलते हैं तो यह बहुत बड़ा झटका होगा. ऐसी स्थिति में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 मं शामिल किया जा सकता है.

जडेजा को हैदराबाद टेस्ट मैच में भारत की दूसरी पारी के दौरान पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था. तब जडेजा तेजी से रन लेने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह क्रीज में नहीं पहुंच पाए और उन्हें बेन स्टोक्स ने रन आउट कर दिया था. रन आउट होने के बाद वह पैर की मांसपेशियों को सहलाते दिखे थे. जडेजा ने हैदराबाद टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था. जडेजा ने भारत की पहली पारी में 87 रन बनाए थे. साथ ही उन्होंने मैच में कुल पांच विकेट भी चटकाए.

हेड कोच द्रविड़ ने कही ये बात
टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने भी रवींद्र जडेजा को लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं बताया. द्रविड़ ने मैच की समाप्ति के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘मुझे अभी तक फिजियो से बात करने का मौका नहीं मिला है. वापस जाकर मैं उनसे बात करूंगा और देखूंगा कि क्या हुआ है.’ क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक जडेजा की स्कैन रिपोर्ट हैदराबाद से मुंबई भेज दी गई है. जडेजा की हैमस्ट्रिंग इंजरी का आकलन आज (सोमवार) होने की उम्मीद है. आमतौर पर बीसीसीआई इंजर्ड खिलाड़ियों की स्कैन रिपोर्ट मुंबई के इंस्टीट्यूट को भेजता है.

दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), आवेश खान, रजत पाटीदार.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *