बिहार में भी महाराष्ट्र जैसे उलटफेर की संभावना

बिहार राज्य

पटना : महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच बिहार से भी चौकाने वाली खबर सामने आ रही है। लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान का दावा है कि जल्द ही महागठबंधन की सरकार टूट सकती है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के कई विधायक और सांसद NDA के संपर्क में है। चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री अपने विधायक और सांसदों से मुलाकात कर रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि उन्हें उनकी पार्टी टूटने का डर है। चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि जो दूसरों के दल को तोड़ता है उसे अपनी पार्टी टूटने का डर हमेशा लगा रहता है।

राजनीतिक पंडितों की मानें तो अगर चिराग पासवान की भविष्यवाणी सत्य हुई तो जल्द ही बिहार में बड़ा उलटफेर हो सकता है। दरअसल, रविवार को चिराग पासवान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने ऐसा दावा किया। इतना ही नहीं चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला भी बोला।

 

उन्होंने कहा कि जिसकी जैसी करनी होती है। वैसी ही उनको भरना होता है। आज तक सीएम नीतीश कुमार दूसरी पार्टियों के विधायक और सांसद को तोड़ते थे, अब उन्हें डर लग रहा है। इसलिए अपने सांसद और विधायकों के साथ वन टू वन मीटिंग कर रहे हैं।

चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के विधायकों, सांसदों को आक्रोश का सामना करना पड़ रहा। क्योंकि वह क्षेत्र में जाते हैं, मुख्यमंत्री तो क्षेत्र में जाते नहीं है। हमारी पीढ़ी को यह याद भी नहीं कि नीतीश कुमार ने पिछली बार कब विधान सभा या लोकसभा का चुनाव लड़ा था।

अब तो उनके गृह जिला में ही उनका विरोध हो रहा है। चिराग ने कहा कि बिहार को बचाना है, विकसित राज्य बनाना है तो एक ही समाधान है, नीतीश कुमार सत्ता से हटें। चिराग ने कहा कि जो मुख्यमंत्री आज अहंकार में हैं उन्हें समझना चाहिए सत्ता अहंकार से नहीं बल्कि जनता के समर्थन से चलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *