अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर सेक्टर एफ सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ में आज त्रयोदशम (13वां) प्राण प्रतिष्ठा दिवस श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी, मन्दिर अध्यक्ष के दिशा-निर्देशानुसार धूम-धाम से मनाया गया, जिसमे विशेष भक्त मंडली द्वारा सुन्दर हरिनाम संकीर्तन किया गयाl
भगवान का प्रथम पूजन व अभिषेक श्रीमान भोक्ता राम प्रभु जी (उपाध्यक्ष) एवं दीन दयाल प्रभु जी (उपाध्यक्ष) एवं वरिष्ठ भक्तों द्वारा किया गया साथ ही साथ भक्तो द्वारा बड़े ही उल्लास से भजन, नृत्य व आरती की गयी l
इस्कॉन भक्तवृंद द्वारा श्री श्री राधा रमण बिहारी जी के प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर विशेष रूप से विदेश से मंगाए गये फूलों से एवं विशेष प्रकार के पीले फूलों से श्रंगार किया गया एवं प्रथम बार ललिता एवं विशाखा सखी जो कि श्रीमती राधा रानी की अष्ट सखियों मे अति वरिष्ठत्म हैं द्वारा भगवान की सेवा की गयी एवं श्रीमती राधा रानी जी ने भगवान की सेवावीणा वादन श्रंगार धारण कर किया जो देखते ही बन रहा था l भक्तों द्वारा 56 भोग अर्पित किये गये एवं श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का प्राकट्य उत्सव भक्तों द्वारा विशाल केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया l

त्रयोदशम प्राण प्रतिष्ठा महामहोत्सव पर भगवत कथा में श्रीमान दीनदयाल प्रभुजी ने बताया कि श्री श्री राधारमण बिहारी जी लखनऊ वासियों पर कृपा करने के लिए अर्चा विग्रह के रूप में प्रकट हुये हैं, उनका यह प्राकट्य लखनऊ से सेवा लेने के लिए हुआ है, क्योंकि हम जिसकी सेवा करते हैं उससे उतना ही प्रेम करते हैं जैसे आम जीवन में व्यक्ति अपने माता-पिता की अपेक्षा अपने पुत्र-पुत्री की सेवा करता है, अर्थात व्यक्ति का प्रेम माता-पिता से अधिक बच्चों से होता है, इसी तरह जब हम भगवान की सेवा प्रेम भाव से करेंगे तो हमारा उनसे प्रेम होगा।
कार्यक्रम की समाप्ति पर उपस्थित सभी भक्तों ने स्वादिष्ट भोजन प्रसाद (भंडारा) का आनंद उठाया, जिसमें भगवान को लगाए गये 56 भोग भक्तों मे वितरित किये गये l
