नई दिल्ली : शुक्रवार को एशिया कप 2025 के 18वें मैच में भारत ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर विजय अभियान जारी रखा. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला खेला गया था. बीते दिन खेले गए मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ सुपर ओवर में जीत हासिल की.
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने श्रीलंका टीम को 203 रनों का लक्ष्य दिया था. जिसके जवाब में श्रीलंका ने भी 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाए. इस तरह दोनों टीमों का स्कोर बराबर हुआ और सुपर ओवर खेला गया. सुपर ओवर में श्रीलंका ने 2 रन बनाए, जहां भारत ने 3 रन बनाकर मैच में जीत हासिल की.
भारतीय टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी थी, जहां उसका सामना 28 सितंबर (रविवार) को पाकिस्तान से होना है. दूसरी ओर श्रीलंकाई टीम की खिताबी मुकाबला खेलने का सपना चूर-चूर हो चुका था.
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर शिवम दुबे को रेस्ट दिया गया. उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और फास्ट बॉलर हर्षित राणा को मौका मिला. उधर श्रीलंका ने चमिका करुणारत्ने की जगह जनिथ लियानागे प्लेइंग-11 में शामिल किया.
भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती.
श्रीलंका की प्लेइंग-11: पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, चरिथ असलंका (कप्तान), जनिथ लियानागे, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका, वानिंदु हसारंगा, दुष्मंथा चमीरा, महीश तीक्ष्णा, नुवान तुषारा.
