TCS के शेयरहोल्डर्स की बल्ले-बल्ले, हफ्तेभर में कमा डाले 39 हजार करोड़ रुपये

बाजार बुलेटिन

नई दिल्ली : बीते सप्ताह भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में रौनक रही. वहीं, मार्केट में पैसे लगाने वालों ने भी ताबड़तोड़ कमाई की है. सेंसेक्स की टॉप 10 में से 8 कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले हफ्ते सामूहिक रूप से 1,83,290.36 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. बीते सप्ताह टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस (Infosys) के निवेशकों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ.

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 963.87 अंक या 1.21 फीसदी चढ़ गया. रिपोर्टिंग वीक में टीसीएस का मार्केट वैल्यूएशन 38,894.44 करोड़ रुपये बढ़कर 14,51,739.53 करोड़ रुपये हो गया. सबसे ज्यादा फायदा में टीसीएस ही रही. इंफोसिस ने सप्ताह के दौरान 33,320.03 करोड़ रुपये जोड़े और इसका मार्केट कैप 6,83,922.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

इन कंपनियों को फायदा
रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 32,611.36 करोड़ रुपये बढ़कर 21,51,562.56 करोड़ रुपये हो गई. आईसीआईसीआई बैंक का वैल्यूएशन 23,676.78 करोड़ रुपये बढ़कर 8,67,878.66 करोड़ रुपये हो गया. एलआईसी का मार्केट कैप 16,950.99 करोड़ रुपये बढ़कर 6,42,524.89 करोड़ रुपये पर और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 16,917.06 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,98,487.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. आईटीसी की बाजार हैसियत 10,924.13 करोड़ रुपये बढ़कर 5,41,399.95 करोड़ रुपये हो गई. एसबीआई का वैल्यूएशन 9,995.57 करोड़ रुपये बढ़कर 7,67,561.25 करोड़ रुपये रहा।

इन कंपनियों के निवेशकों का पैसा डूबा
इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 26,970.79 करोड़ रुपये घटकर 12,53,894.64 करोड़ रुपये रह गई. भारती एयरटेल का वैल्यूएशन 8,735.49 करोड़ रुपये घटकर 8,13,794.86 करोड़ रुपये पर आ गया.

टॉप-10 कंपनियों की लिस्ट
टॉप-10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. इसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, एलआईसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का स्थान रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *