तारक मेहता का उल्टा चश्मा के निर्देशक मालव ने शो को कहा अलविदा

मनोरंजन

सब टीवी के सर्वाधिक लोकप्रिय कार्यक्रमों में शुमार तारक मेहता का उल्टा चश्मा को अब एक और व्यक्ति ने अलविदा कह दिया है। पिछले 14 साल से इस शो में निर्देशक के तौर पर काम कर रहे मालव राजदा ने 14 साल बाद शो को छोडऩे का फैसला किया है। उनका यह फैसला कई अन्य अभिनेताओं के शो छोडऩे के बाद सामने आया है। मालव के शो छोडऩे को लेकर गलियारों में बहती हवाओं का कहना था कि उन्होंने निर्माताओं से मतभेद के चलते शो को अलविदा कहा है लेकिन स्वयं मालव का कहना है कि वो इस शो के लिए कुछ नया नहीं सोच पा रहा थे। उन्हें ऐसा लगने लगा कि वो अपने कम्फर्ट जोन में आ गए हैं और क्रिएटिव नहीं सोच पा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले सात-आठ महीने में 3 बड़े चेहरों ने शो को अलविदा कह दिया है, जिसमें शैलेष लोढ़ा और राज आनादकत जैसे नाम शामिल हैं।

प्रोडक्शन से जुड़े सूत्र का कहना है कि राजदा और प्रोडक्शन हाउस के बीच कुछ मतभेद थे। हालांकि, जब मीडिया ने उनसे इस बारे में बात की तो उन्होंने इस बात से स्पष्ट इंकार कर दिया। मालव ने कहा- यदि आप अच्छा काम करना चाहते हैं तो टीम में मतभेद होंगे लेकिन यह हमेशा शो को बेहतर बनाने के लिए होता है। आगे उन्होंने कहा कि प्रोडक्शन हाउस से उनका कोई लेना-देना नहीं था।

उनका कहना था कि वो शो में लोगों को अपनी फैमिली मानने लगे थे और उनके साथ काफी आरामदायक स्थिति में थे। ऐसे में वो क्रिएटिव नहीं सोच पा रहे थे। अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकल कर काम करना उनके लिए एक चैलेंज है और वो इसे फेस करना चाहते हैं।

मालव राजदा ने अपने 14 साल के सफर के बारे में बात भी की। उन्होंने कहा कि वो शो और असित मोदी के बहुत आभारी हैं। यह 14 साल उनके जीवन के सबसे खूबसूरत साल रहे हैं। उन्होंने कहा- इस शो से मैंने केवल शोहरत और पैसा नहीं कमाया, बल्कि अपनी जीवन साथी प्रिया आहूजा राजदा से भी मिला। मालव राजदा और प्रिया आहूजा राजदा की शादी 2011 में हुई थी। दोनों ने शो से काफी लोकप्रियता भी कमाई। ऐसे में लोगों का कहना हैं कि मालव के बाद प्रिया यानी रीटा रिपोर्टर भी शो छोड़ सकती हैं। उनकी मेकर्स से बातचीत भी जारी है।

शो को इससे पहले शैलेष लोढ़ा, राज आनादकत, दिशा वकानी (दया भाभी), जिल मेहता (सोनू), निधि भानुशाली (सोनू), भव्य गांधी (टप्पू), मोनिका भदौरिया (बावरी), गुरुचरण सिंह (सोढ़ी), लाल सिंह मान (सोढ़ी), दिलखुश रिपोर्टर (रोशन) सोढ़ी), नेहा मेहता (अंजली भाभी) अलविदा कह चुकी हैं।

इसके अलावा दिवंगत एक्टर घनश्याम नायक (नट्टू काका) का पिछले साल निधन हो गया था। वहीं, कवि कुमार आजाद (डॉ. हाथी) का 2018 में हार्ट अटैक से निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *