टी-20 वर्ल्ड कप: बांग्लादेश को भारत में ही खेलने होंगे मैच, ICC ने वेन्यू बदलने की मांग खारिज की

स्पोर्ट्स

नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबलों के वेन्यू बदलने की मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। ICC ने स्पष्ट कर दिया है कि बांग्लादेश को अपने सभी लीग मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे, अन्यथा टीम को अंक कटौती का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर किए जाने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार कर दिया था। BCB ने ICC से आग्रह किया था कि उसके मुकाबले भारत की बजाय श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मंगलवार को ICC अध्यक्ष जय शाह सहित अन्य अधिकारी मुंबई में मौजूद थे। पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारियों से चर्चा की गई, इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बातचीत हुई। बैठक के बाद ICC ने दो टूक कहा कि वर्ल्ड कप के वेन्यू में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
ICC ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि बांग्लादेश तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में मैच नहीं खेलता है, तो उसे वॉकओवर के साथ-साथ पॉइंट्स गंवाने पड़ सकते हैं।
क्या है पूरा विवाद16 दिसंबर को IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं को लेकर भारत में मुस्तफिजुर के खिलाफ विरोध शुरू हुआ। हालात को देखते हुए BCCI ने उन्हें IPL खेलने की अनुमति नहीं दी और 3 जनवरी को KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया।
इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने IPL के प्रसारण पर बैन लगा दिया और भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से भी इनकार कर ICC को वेन्यू बदलने का अनुरोध भेजा।
ग्रुप-सी में है बांग्लादेश
टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम को 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से मुकाबला करना है। ये तीनों मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाएंगे। ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ होगा।
पाकिस्तान पहले ही शिफ्ट करा चुका है मैच
वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पहले ही अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करा चुका है। भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते दोनों टीमें एक-दूसरे के देश में क्रिकेट नहीं खेलतीं। इसी कारण भारत-पाकिस्तान मुकाबला भी कोलंबो में आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *