T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को दी करारी शिकस्त

स्पोर्ट्स

कोलंबो : आइसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब जिम्बाब्वे ने क्रिकेट की दिग्गज टीम ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से करारी शिकस्त दे दी. तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी (4-0-17-4) ब्रैड इवांस (3.3-0- 23-3) की घातक गेंदबाजी की मदद से जिम्बाब्वे ने शुक्रवार को पूर्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर तहलका मचा दिया. इस टूर्नामेंट के इतिहास में यह लगातार दूसरी बार है, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराया. इससे पहले साल 2007 में ऐसा हुआ था. कुल मिलाकर जिम्बाब्वे की टीम दोनों ही बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी 20 वर्ल्ड कप में जीती है.

जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद दो विकेट पर 169 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.3 ओवरों में 146 रनों पर ढेर हो गई. चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे ऑस्ट्रेलिया के इस हार से समीकरण बिगड़ गए हैं, जबकि जिम्बाब्वे लगातार दूसरी जीत से 4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है.

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी का 19वें मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुआ. 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्स्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत काफी खराब रही. जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड और ट्रेविस हेड के रूप में ऑस्ट्रेलिया ने अपने चार बड़े विकेट 29 रनों के अंदर ही गंवा दिए.

हालांकि इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ ने मिलकर पारी को संभालने की कोश‍िश की. दोनों के बीच 59 गेंदों में 77 रन की पार्टनरश‍िप हुई. जब तक ये जोड़ी क्रीज पर टिकी हुई थी, लगा ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत जाएगी.

मगर रयान बर्ल ने मैक्सवेल की पारी को 31 रनों पर रोककर इस पार्टनरशिप को तोड़ दिया. यहीं से ऑस्ट्रेलिया की पारी भी ब‍िखर गई. मार्कस स्टोइन‍िस और बेन ड्वारशुइस दोनों 6-6 रन बना पाए. रेनशॉ भी 44 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हो गए. उनके रूप में ऑस्ट्रेलिया को 139 रनों पर 8वां झटका लगा. एडम जाम्पा दो रन के स्कोर पर बोल्ड हो गए. टीम को 9वां झटका लगा और आखिर में मैथ्यू कुह्नेमन रन आउट हो गए.

इससे पहले जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 2 विकेट पर 169 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, लेकिन ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों पर नाबाद 64 रनों की संयमित पारी खेलकर पारी को थामे रखा. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्कस स्टोइनिस और कैमरन ग्रीन ने एक-एक विकेट लिया.

वहीं, विकेटकीपर तादिवानाशे मारुमानी (35) और रयान बर्ल (35) ने भी उपयोगी योगदान दिया, जबकि कप्तान सिकंदर रजा 13 गेंदों पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे. पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण में शुरुआत में धार की कमी दिखी और जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाया. जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने एडम जाम्पा का भी अच्छी तरह से सामना किया. जाम्पा ने अपने चार ओवरों में 31 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.

टी20 इंटरनेशन में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे चौथी बार आमने-सामने हुए. अब तक ऑस्ट्रेलिया ने 2 और जिम्बाब्वे ने 2 बार एक-दूसरे को पराजित किया है. लेकिन जिम्बाब्वे ने दोनों ही बार कंगारुओं को टी20 वर्ल्ड कप में मात दी.

– ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का इतिहास उतार-चढ़ाव भरा रहा है. 13 फरवरी 2026 को कोलंबो (आरपीएस) में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया.

– इससे पहले 2018 में हरारे में खेले गए दो मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने दबदबा दिखाया था- 6 जुलाई को 5 विकेट से और 3 जुलाई को 100 रनों की विशाल जीत दर्ज की थी.

– वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2007 में केप टाउन में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रचा था. कुल मिलाकर, आंकड़े बताते हैं कि भले ही ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा हो, लेकिन जिम्बाब्वे ने भी बड़े मंच पर चौंकाने की काबिलियत साबित की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *