स्थापना दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी माननीय श्री अविनाश पाण्डेय जी ने उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 28 दिसंबर 2025 आज कांग्रेस की स्थापना के 140 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, प्रभारी उत्तर प्रदेश मा0 श्री अविनाश पाण्डेय जी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के प्रांगण में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी, स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरू जी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी जी एवं आधुनिक भारत के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की।

 

तद्पश्चात उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सम्मानित अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी पूर्व मंत्री द्वारा पार्टी का झंडा फहराया गया और उपस्थित कांग्रेसजनों को कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर शपथ दिलाई गई।

 

कांग्रेस की स्थापना के 140 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक आर्ट पिक्चर गैलरी की प्रदर्शनी लगाई गई जिसके माध्यम से उपस्थित कांग्रेसजनों को आजादी के पहले एवं बाद तक हुए कांग्रेस अधिवेशनों एवं उनके उद्देश्यों तथा निर्णयों से अवगत कराया गया। जिसमें कांग्रेस की स्थापना का उद्देश्य उसकी पूर्ति के लिए त्याग और बलिदान करने वाले महापुरुषों के नाम और चित्रों का समावेश किया गया है।

 

स्थापना दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी माननीय श्री अविनाश पाण्डेय जी ने उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि देश की आत्मा और विचारधारा है। यह वही पार्टी है जिसने देश को आज़ादी दिलाई और आज़ादी के बाद लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी।

 

श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और जनसेवा से भरा हुआ है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना आजाद, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी जैसे महान नेताओं ने देश को सही दिशा दी। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा किसान, मजदूर, युवा, महिला, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा की है।

 

अंत में श्री पाण्डेय ने आर्ट गैलरी की तहे दिल से प्रशंसा करते हुए आयोजक मंडल के अध्यक्ष एवं वाइस चेयरमैन मीडिया विभाग श्री मनीष हिंदवी एवं उनकी टीम सभी सदस्यों की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मा0 श्री अजय राय जी को उक्त आर्ट पिक्चर गैलरी को मास्टर पीस मानकर इसी प्रकार प्रदेश के समस्त 18 मंडलों पर प्रदर्शित कराने के लिए निर्देशित किया।

 

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि उ0प्र0 का यह संदेश पूरे देश को देना है कि अब कांग्रेस के कार्यकर्ता निस्वार्थ रूप उठ खड़े हुए हैं आने वाला 2027 कांग्रेस का होगा। पूरे प्रदेश में रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

 

इस मौके पर सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव, सह प्रभारी उ0प्र0 श्री प्रदीप नरवाल ने कहा कि सन 1885 में स्थापित कांग्रेस ने आज तक संविधान और लोकतंत्र को महत्व दिया है। विभिन्न भाषाओं को बोलने वाला देश आज एक है यह सिर्फ संविधान की देन है जिसे आज भाजपा समाप्त करना चाहती है।

 

प्रमुख शिक्षाविद, सजग इतिहासकार और क्रांतिकारी विचारधारा के धनी कश्मीर नामा जैसी चर्चित पुस्तक के लेखक डॉ0 अशोक पाण्डेय जी ने कहा कि कांग्रेस 140 साल पुरानी पार्टी है। मुख्य रूप से जिसके तीन सिद्धांत हैं जाति, धर्म, संप्रदाय, क्षेत्र एवं अनेक पंथों में बटी हुई जनता एकत्र कर भारतीय बनाया। उन्होंने कहा कि दूसरा सिद्धांत अहिंसा का है कोई कायर कभी अहिंसक हो नहीं सकता। अहिंसक होना कायरता नहीं बल्कि वीरता की निशानी है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने अपने कार्यकाल में कभी नहीं कहा कि हमें भाजपा मुक्त भारत चाहिए। परंतु मोदी जी बार-बार कहते हैं कि हमें कांग्रेस मुक्त भारत चाहिए क्योंकि कांग्रेस के सिद्धांतों से उसकी लोकप्रियता से डरते हैं।

 

इस मौके पर प्रसिद्ध लेखक एवं दलित चिंतक एच0एल0 दुसाध ने कहा कि आजादी का आंदोलन बड़ी मुश्किल हालत में था जब कांग्रेस की स्थापना हुई। आगे चलकर गांधी जी के नेतृत्व में एक विशाल लड़ाई लड़ी गई। यह लड़ाई पूरी दुनिया में लड़ी गई यह शासक और गुलामों के बीच संघर्ष की कहानी है। आर्थिक असमानता ही मानव जीवन की सबसे बड़ी समस्या है जो वर्तमान भाजपा सरकार में दिखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *