स्कूली बच्चों ने बना दीं इलेक्ट्रिक कारें, कीमत महज एक लाख रुपये

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ। छठवीं कक्षा के छात्र विराज और तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले आर्यव दोनों भाई हैं तो वहीं श्रेयांश 10वीं के और गर्वित छठवीं के छात्र हैं। इन चार बच्चों ने खेलने-कूदने की उम्र में कमाल किया है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ऐसी इलेक्ट्रिक कारें बनाई हैं जिनमें से प्रत्येक की लागत महज एक लाख रुपये है। रविवार को एक स्थानीय होटल में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्यमंत्री संदीप सिंह ने इन्हें लॉन्च किया और बच्चों की प्रतिभा की सराहना भी की।

अलग-अलग मॉडल में बनाई गईं ये इलेक्ट्रिक कारें द्रोण मैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर मिलिंद राज की मेंटरशिप में तैयार की गई हैं। कुश कैब्स स्कोलन के छठवीं कक्षा के छात्र विराज और तीसरी कक्षा के छात्र आर्यव ने बताया कि अभी तक विदेशों में इस तरह के इनोवेशन ज्यादा हो रहे थे। यू-ट्यूब पर हमने इसे देखा तो लगा कि क्यों न हम भी इस पर काम करें। इसमें हमने विशेष डस्ट फिलटरेशन सिस्टम (डीएफएस) का प्रयोग किया है जो हवा को प्यूरीफाई करेगी। वहीं 10वीं के छात्र श्रेयांश व छठवीं के गर्वित ने बताया कि हमने इसे बैड मैन लुक दिया है जो लोगों को आकर्षित करेगी। इसे लगभग दो घंटे चार्ज कर 100 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।

मिलिंद राज ने बताया कि यह पूरी तरह नॉन कॉमर्शियल इनोवेशन है। आम लोगों की रेंज को ध्यान में रखकर इसे डिजाइन किया गया है। इनको तैयार करने में लगभग डेढ़ साल लगा है। खिलौने से खेलने की उम्र में इन बच्चों की लगन और सोच को देखकर मैंने इनको गाइड किया। विराज व आर्यव के पिता अमित मेहरोत्रा ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। हमारी कोशिश है कि हम इसे बाजार में लाएं और ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ ही पर्यावरण को भी इसका लाभ मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *