भदोहीः समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वार डिप्टी सीएम के पद का ऑफर दिए जाने पर निषाद पार्टी के मुखिया और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है. अखिलेश यादव के ऑफर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के पास सरकार बनाने की शक्ति नहीं है. मुलायम सिंह यादव अखाड़े के पहलवान बनाते थे. लेकिन अखिलेश भाड़े के पहलवान से अखाड़ा जीतना चाहते हैं. भाड़े के पहलवान से अखाड़ा नहीं जीता जाता है.
भदोही कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पत्रकारों से रूबरू हुए. इस दौरान अखिलेश यादव द्वारा डिप्टी सीएम को सौ विधायक लाने पर मुख्यमंत्री बनाने के ऑफर पर संजय निषाद ने अखिलेश यादव को घेरा और कहा कि सपा पिछड़ों की राजनीति करती है. लेकिन पिछड़ों का कभी भला नहीं किया.
इसके अलावा उन्होंने कहा कि निषाद को अनुसूचित में करने की बात की. लेकिन ओबीसी में डाल दिया. अगर पिछड़ों की राजनीति करना है तो पिछड़ों का साथ देना होगा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास शक्ति नहीं है, इसलिए वो दूसरों के भरोसे सरकार बनाने का सपना देखते हैं. संजय निषाद ने कहा कि मुलायम सिंह यादव खुद अखाड़े के पहलवान बनाते थे लेकिन अखिलेश यादव भाड़े के पहलवान से जीत हासिल करना चाहते हैं.
