गत वर्ष अन्तिम बार फिल्मी परदे पर नजर आए सलमान खान इन दिनों अपनी दो फिल्मों को लेकर खासी चर्चाओं में हैं। यह दो फिल्में हैं—किसी का भाई किसी की जान और टाइगर-3। पिछले दिनों इन दोनों फिल्मों की प्रदर्शन तिथियों में बदलाव के समाचार बताए गए थे। समाचारों में कहा गया था कि दिसम्बर 2022 में सिनेमाघरों में आने वाली सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान अब आगामी वर्ष ईद के मौके पर प्रदर्शित होगी। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि ईद के मौके पर प्रदर्शित होने वाली उनकी फिल्म टाइगर-3 अब दीवाली 2023 को सिनेमाई परदे पर दस्तक देगी।
सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म किसी का भाई किसी की जान की शूटिंग में व्यस्त चल रहे हैं। हालांकि उन्होंने बिग बॉस के चलते इससे फिलहाल ब्रेक ले रखा है लेकिन कहा जा रहा है कि आगामी माह वे इसकी शूटिंग शुरू कर देंगे। हाल ही में इस फिल्म को लेकर एक बड़ा अपसेट सामने आया है। कहा जा रहा है कि सलमान खान अपनी फिल्म को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पिछले दिनों ही सलमान खान ने सोशल मीडिया पर बॉक्सर विजयेन्द्र सिंह के साथ एक फोटो शेयर की थी और लिखा था किसी का भाई किसी की जान में आपका स्वागत है। फोटो में सलमान खान के साथ राघव जुयाल, सिद्धार्थ निगम भी नजर आ रहे थे।
अब इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि सलमान खान ने अपनी फिल्म में कभी उनके साथ नायिका के तौर पर अपना करियर शुरू करने वाली दो अभिनेत्रियों भाग्यश्री (मैंने प्यार किया) और भूमिका चावला (तेरे नाम) की एंट्री करवा दी है। यह दो नायिकाएँ भी सलमान खान के साथ परदे पर महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आएंगी।
