दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी और फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी जान्हवी कपूर की फिल्म ‘उलझ’ को लेकर कई दिनों से शोर मचा हुआ था। फिल्म आज शुक्रवार (2 अगस्त) को सिनेमाघरों में पहुंच गई है। इससे पहले गुरुवार रात इस थ्रिलर फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई। इस मौके पर बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे पहुंचे और उन्होंने मूवी का आनंद लिया। स्क्रीनिंग में सदाबहार एक्ट्रेस रेखा भी नजर आईं। हर बार की तरह उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान खींचा।
रेखा पोस्टर में जान्हवी को छूकर उन्हें प्यार करती हुई भी दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने जान्हवी के साथ फोटो खिंचवाई। फिल्म के कलाकार गुलशन देवैया के साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। फिल्म के ही एक और कलाकार मियांग चांग का लुक सबसे निराला रहा। वे जैकब का किरदार निभा रहे हैं। चांग सबसे पहले सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के माध्यम से सुर्खियों में आए थे, जहां उन्होंने सिंगर के रूप में हिस्सा लिया था।
स्क्रीनिंग के लिए जान्हवी की बहन खुशी कपूर और भाई अर्जुन कपूर भी साथ-साथ पहुंचे और दोनों ने साथ में पोज दिया। इसके बाद फिल्ममेकर करण जौहर ने भी उनके साथ आकर फोटो खिंचवाई। एक्टर संजय कपूर की बेटी शनाया, अभिनेत्री सयानी गुप्ता और आकांक्षा रंजन भी पहुंचीं। फिल्म में रोशन मैथ्यू, राजेश तैलंग, सचिन खेड़कर, राजेंद्र गुप्ता, आदिल हुसैन की भी अहम भूमिका है।
