वाराणसी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दूसरे दिन यूपी में अपनी न्याय यात्रा की शुरुआत की। यात्रा पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में एंट्री कर गई है।राहुल गांधी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में चौथी बार हाजिरी लगाई। राहुल गांधी सुबह तकरीबन 9:45 बजे चंदौली से निकले। उनकी यात्रा वाराणसी पहुंच चुकी है। वह गोदौलिया चौराहे पर लोगों को संबोधित किया।
वाराणसी में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान राहुल ने एक युवक को अपने पास बिठाकर उससे बेरोजगारी की कहानी सुनी ओर कहा कैसे एक युवक और उसका परिवार पढ़ाई में लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी खाली हाथ और टूटे सपनों के साथ इधर-उधर भटक रहा है। ये युवा अन्याय है और हम इसी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
राहुल ने कहा हमने 4,000 किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की। यात्रा के दौरान किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और महिलाएं मिलीं। उन सबने मुझसे मिलकर अपनी पीड़ा बताई।BJP-RSS के लोग भी कई जगह मिले, लेकिन पूरी यात्रा में मुझे नफरत कहीं नहीं दिखी। भारत मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं। देश तभी मजबूत होता है, जब सभी एकजुट होकर काम करते हैं।देश में आज 2 सबसे बड़े मुद्दे हैं:1- बेरोजगारी 2- महंगाई। आज 2 हिंदुस्तान बन गए हैं- एक अरबपतियों का, दूसरा गरीबों का,देश के बड़े-बड़े मीडिया संस्थान अडानी और अंबानी के हैं। ये लोग किसान, मजदूर, गरीबों को नहीं दिखाते.. 24 घंटा केवल नरेंद्र मोदी को दिखाते हैं।
राहुल के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेता हैं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस मुखिया राहुल गांधी ने अपनी यात्रा की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का असर पूरे देश में होगा। यात्रा में लोग अपने आप जुड़ रहे हैं। यात्रा को शुरू हुए 35 दिन हो चुके हैं।
सियासी जानकारों ने बताया कि गोदौलिया से रथयात्रा रूट पर पहली बार कोई कांग्रेस नेता राजनीतिक यात्रा करेगा। पं. जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी समेत किसी भी नेता ने बनारस में इस रूट पर कोई राजनीतिक यात्रा नहीं की है।
उधर,अमेठी, रायबरेली व लखनऊ के मार्ग पर यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा कानपुर में 21 फरवरी को रुकेगी। इसके बाद 24 फरवरी को यात्रा मुरादाबाद से फिर शुरू होगी और अमरोहा, संभल, अलीगढ़, हाथरस, आगरा होकर राजस्थान जाएगी।
