नई दिल्ली : तीन राज्यों में मिली करारी हार और 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक नई यात्रा शुरुआत करने जा रहे हैं. इससे पहले राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की थी जिसमे उन्हें लोगों का खूब सपोर्ट मिला था. राहुल जिस नई यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं वह भारत न्याय यात्रा होगी, जो मणिपुर से मुंबई तक होगी.
बता दें कि राहुल की भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी से शुरू होकर 14 से 20 मार्च तक चलेगी. इस दौरान राहुल के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं. संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संवादाताओं से बात करते हुए बताया कि गुरवार को कांग्रेस का स्थापना दिवस के मौके पर भारत न्याय यात्रा रैली का शंखनाद होगा. इस मौके पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे.
वेणुगोपाल के मुताबिक यात्रा 6200 किलोमीटर की होगी. जो मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, यूपी, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी. भारत न्याय यात्रा 14 राज्यों और 85 ज़िलों से गुजरेगी. यह यात्रा 2024 लोकसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते गुरुवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में अगले लोकसभा चुनाव के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया और यह प्रस्ताव रखा गया कि राहुल गांधी पूर्व से पश्चिम की ओर दूसरे चरण की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालें, क्योंकि पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता लंबे समय से यह मांग कर रहे हैं. खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कार्य समिति के विभिन्न सदस्यों ने शिरकत की.
बैठक में दिए गए अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘पिछले कई महीनों से पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एक स्वर में लगातार एक मांग मेरे सामने रखते रहे हैं कि राहुल गांधी जी पूर्व से पश्चिम की ओर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालें. मैं कार्यसमिति में राहुल जी के समक्ष यह बात रखता हूं और निर्णय आप सभी पर छोड़ता हूं.’’
