गत 30 सितम्बर को प्रदर्शित हुई निर्देशिक मणिरत्नम की मूल रूप से तमिल भाषा में बनी फिल्म पोन्नियन सेल्वन ने अपने प्रदर्शन के साथ ही रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए थे। फिल्म पोन्नियन सेल्वन -1 आए दिन कमाई के नए रिकॉड्र्स बना रही है। ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक फिल्म ने 7 ही दिनों में वैश्विक स्तर पर 325 करोड़ का कारोबार कर लिया है। प्रदर्शन के 7वें दिन फिल्म ने 22.4 करोड़ की कमाई की है। उम्मीद लगाई जा रही है कि इस सप्ताह के अंत तक फिल्म आराम से 350 करोड़ का कारोबार करने में सफलता प्राप्त कर लेगी। प्रदर्शन के दिन ही फिल्म ने 82.5 करोड़ की कमाई की थी। 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली यह छठी तमिल फिल्म है।
पोन्नियन सेल्वन के पहले सिर्फ पाँच फिल्मों ने ही 300 करोड़ की कमाई की है। इस सूची में 2.0, एंथिरन, कबाली, बीगल और विक्रम जैसी फिल्में शामिल हैं। पोन्नियन सेल्वन के आगे अब सिर्फ 2.0 और विक्रम ही हैं। आश्चर्य की बात यह है कि इन छह फिल्मों में रजनीकांत की 3 फिल्में— 2.0, एंथिरन, कबाली, थलापति विजय की एक फिल्म बीगल और कमल हासन की कुछ माह पूर्व प्रदर्शित हुई विक्रम शामिल है। ट्रेड एनालिस्ट त्रिनाथ के मुताबिक अगर पोन्नियन सेल्वन- 1 ऐसे ही कमाई करती रही तो जल्द ही—2.0 और विक्रम— दोनों फिल्मो को भी पछाड़ देगी।
500 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म
मणिरत्नम के निर्देशन में बनी फिल्म पोन्नियन सेल्वन कल्कि कृष्णमूर्ति के 70 साल पहले लिखे गए ऐतिहासिक उपन्यास पर आधारित है। वर्ष 1955 में कल्कि कृष्णमूर्ति ने इसी नाम से उपन्यास लिखा था। 500 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म में विक्रम, ऐश्वर्या राय बच्चन, कार्थी, जयम रवि, तृषा, शोभिता धुलिपला, विक्रम प्रभु जैसे कई बड़े नाम लीड रोल में नजर आए हैं। फिल्म का म्यूजिक ए.आर. रहमान ने दिया है। ये फिल्म 30 सितंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है।
2023 में आएगा पोन्नियन सेल्वन का दूसरा पार्ट
पोन्नियन सेल्वन का दूसरा पार्ट अगले साल सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। मणिरत्नम ने हाल ही में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वो फिल्म का सेकेंड पार्ट लाने के लिए काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं। वो इस बात से खुश हैं कि दर्शकों को उनकी फिल्म पसंद आ रही है।