राष्ट्रपति चुनाव : एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का प्रचार अभियान आज से शुरू

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली । राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का प्रचार अभियान आज से शुरू होने जा रहा है। द्रौपदी मुर्मू, शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रही हैं। बताया जा रहा है कि द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में इस पहाड़ी राज्य के विधायकों से मुलाकात कर उनसे अपने लिए समर्थन मांगेंगी। द्रौपदी मुर्मू के इस दौरे के मद्देनजर प्रदेश में विधायकों की बैठक बुलाई गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में विधायकों की बैठक में एनडीए उम्मीदवार को राज्य से ज्यादा से ज्यादा मत दिलाने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश की बैठक के बाद द्रौपदी मुर्मू चंडीगढ़ वापस आकर हरियाणा के विधायकों से भी राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन मांगेंगी। आपको बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर हरियाणा के विधायकों की बैठक चंडीगढ़ में बुलाई गई है। राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। बताया जा रहा है कि बैठक में भाजपा के सहयोगी जेजेपी और सरकार को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता की मौजूदगी में द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में हरियाणा के विधायकों से समर्थन देने की अपील करेंगी।

आपको बता दें कि, नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी दलों की ओर से मैदान में उतारे गए यशवंत सिन्हा, सिर्फ दो ही उम्मीदवार मुकाबले में रह गए हैं। इस पद के लिए बुधवार तक 94 व्यक्तियों के कुल 115 नामांकन पत्र मिले थे। लेकिन सिर्फ मुर्मू और सिन्हा के चार-चार सेट के नामांकन पत्रों ने वैध नामांकन के सभी मापदंडों को पूरा किया है, इसलिए इन्ही दोनों की उम्मीदवारी को स्वीकार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *