PM मोदी ने भारत टेक्स 2024 का किया उद्घाटन: कहा -टेक्सटाइल ने हमारे भारत की महिलाओं को नई शक्ति दी

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में देश में आयोजित होने वाले सबसे बड़े वैश्विक कपड़ा कार्यक्रमों में से एक ‘भारत टेक्स 2024’ का उद्घाटन किया।

PM मोदी ने कहा, भारत ने आगामी 25 वर्षों में विकसित राष्ट्र का संकल्प लिया है। गरीब, यूवा, किसान और महिलाएं विकसित राष्ट्र के 4 प्रमुख स्तंभ हैं और भारत का कपड़ा क्षेत्र इन चारों से जुड़ा है, इसलिए भारत टेक्स के आयोजन का महत्व बहुत बढ़ जाता है। विकसित भारत के निर्माण में कपड़ा क्षेत्र के योगदान को बढ़ाने के लिए हम बहुत विस्तृत दायरे में काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज का यह आयोजन अपने आप में बहुत खास है क्योंकि यह एक साथ भारत के दो बड़े प्रदर्शन केंद्र भारत मंडपम और यशोभूमि में हो रहा है। आज 3000 से ज्यादा प्रदर्शक, करीब 100 देशों के खरीददार एक साथ इस आयोजन से जुड़े हैं।

भारत टेक्स 2024 का आयोजन 26-29 फरवरी तक किया जा रहा है। इस आयोजन में फाइबर, फैब्रिक और फैशन पर फोकस होगा।यह कपड़ा क्षेत्र में भारत की शक्ति को प्रदर्शित करेगा और वैश्विक कपड़ा महाशक्ति के रूप में भारत की स्थिति की पुष्टि करेगा।

11 कपड़ा निर्यात संवर्धन परिषदों के एक संघ द्वारा आयोजित और सरकार द्वारा समर्थित, भारत टेक्स 2024 व्यापार और निवेश के दोहरे स्तंभों पर बनाया गया है, इसमें स्थिरता पर अत्यधिक ध्यान दिया गया है।

चार दिवसीय कार्यक्रम में 65 से अधिक ज्ञान सत्र होंगे, इसमें 100 से अधिक वैश्विक पैनलिस्ट इस क्षेत्र से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

इसमें स्थिरता और परिपत्रता पर समर्पित मंडप, एक ‘इंडी हाट’, भारतीय कपड़ा विरासत, स्थिरता और वैश्विक डिजाइन जैसे विविध विषयों पर फैशन प्रस्तुतियां, साथ ही इंटरैक्टिव फैब्रिक परीक्षण क्षेत्र और उत्पाद प्रदर्शन भी होंगे।

भारत टेक्स 2024 में कपड़ा छात्रों, बुनकरों, कारीगरों और कपड़ा श्रमिकों के अलावा नीति निर्माताओं और वैश्विक सीईओ, 3,500 से अधिक प्रदर्शकों, 100 से अधिक देशों के 3,000 से अधिक खरीदारों और 40,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों की भागीदारी की उम्मीद है।

आयोजन के दौरान 50 से अधिक घोषणाओं और समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *