नई दिल्ली। पूर्व आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवणे की अनपब्लिश्ड किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी (Four Stars of Destiny)’ पर इसकी पब्लिशिंग कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया का बयान आया है।कंपनी ने कहा पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की किताब अभी तक पब्लिश (प्रकाशित) नहीं हुई है। पब्लिशिंग के सभी राइट्स हमारे पास हैं।कंपनी ने कहा- अब तक किताब की न तो कोई छपी हुई कॉपी आई है और न ही डिजिटल कॉपी सामने आई है। हमारी तरफ से किताब का कोई भी हिस्सा कहीं भी सार्वजनिक नहीं किया गया है। दिल्ली पुलिस द्वारा पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे (सेवानिवृत्त) की एक अनपब्लिश्ड किताब के कथित सर्कुलेशन की जांच के लिए एफआईआर दर्ज किए जाने पर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए किताब के प्रकाशन और उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि जनरल नरवणे का एक ट्वीट मौजूद है, जिसमें उन्होंने लोगों से अपनी किताब का लिंक फॉलो करने की बात कही है। उन्होंने कहा, “या तो मिस्टर नरवणे झूठ बोल रहे हैं या पेंगुइन पब्लिशर्स झूठ बोल रहा है। मुझे नहीं लगता कि पूर्व आर्मी चीफ झूठ बोलेंगे।”
उन्होंने आगे दावा किया कि पेंगुइन का कहना है कि किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है, जबकि वह अमेज़न पर उपलब्ध बताई जा रही है। राहुल गांधी ने जनरल नरवणे के एक अन्य ट्वीट का हवाला देते हुए कहा कि उसमें लिखा है—“प्लीज 2023 में मेरी किताब खरीदें।”
राहुल गांधी ने कहा, “मुझे पेंगुइन से ज़्यादा नरवणे जी पर भरोसा है। क्या आपको नरवणे जी से ज़्यादा पेंगुइन पर भरोसा है?” उन्होंने आरोप लगाया कि संभव है किताब में ऐसी बातें लिखी गई हों, जो भारत सरकार और प्रधानमंत्री के लिए असुविधाजनक हों।
