आनन्द एल राय के निर्देशन में बनी जीरो की असफलता के बाद शाहरुख खान अब 4 साल के लम्बे अंतराल के बाद एक बार फिर से दर्शकों के सामने पठान के जरिये मुखातिब होने जा रहे हैं। पठान यशराज फिल्म्स के स्पाई संसार की अगली कड़ी है, जिसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम अहम् भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पूर्व यशराज बैनर अपनी स्पाई सीरीज की 3 फिल्मों—एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है और वॉर को—प्रदर्शित कर चुका है। पठान इस कड़ी में उनकी 4थी फिल्म है।
पठान के प्रदर्शन में अभी 15 दिन का समय बाकी है। यशराज फिल्म्स ने इस का टीजर गत 2 नवम्बर को शाहरुख खान के जन्म दिन पर जारी किया था। अब यशराज फिल्म्स ने यूट्यूब पर इस फिल्म के प्रदर्शन की उल्टी गिनती शुरू करते हुए एक नया पोस्टर जारी किया है। शाहरुख खान ने लिखा, मिशन शुरू होने वाला है . . . . आ रहा है पठान का ट्रेलर कल सुबह 11 बजे लांच कर रहा है। हिन्दी, तेलुगू और तमिल मेें. . . शाहरुख खान 9 जनवरी।
गौरतलब है कि पठान लम्बे समय से शाहरुख खान की कमबैक फिल्म के रूप में चर्चा में रह रही है। इसके साथ यह फिल्म अपने गीत बेशरम रंग को लेकर सर्वाधिक चर्चाओं में आने के साथ ही विवादों से भी घिर गई। कई हिन्दू संगठनों ने इस फिल्म के बेशरम रंग गीत को फिल्म से हटाने की माँग की है। हालांकि सेंसर बोर्ड ने फिल्म के निर्माताओं को गीत व फिल्म के कुछ दृश्यों में संशोधन करने के बाद फिल्म प्रदर्शन की अनुमति दी है। सेंसर बोर्ड ने पठान को यू/ए सर्टिफिकेट दिया है।
