अफगानिस्तान में यात्री प्लेन क्रैश, मास्को जा रहा था विमान, सिंधिया बोले- प्लेन भारत का नहीं

विदेश

नई दिल्ली : रूस की राजधानी मास्को जा रहा एक यात्री विमान रविवार दोपहर अफगानिस्तान के बदख्शां में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. शुरुआत में खबर आई थी कि यह विमान भारत का था, जो मास्को जा रहा था. हालांकि केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साफ किया कि अफगानिस्तान में हादसे का शिकार विमान भारतीय नहीं है.

उधर भारत सरकार के उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि अफगानिस्तान में एक छोटी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हुई है, जो अफ्रीकी देश मोरक्को का था. मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘यह मोरक्को में पंजीकृत छोटा विमान है. अधिकारी घटना पर नजर रख रहे हैं और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है’.

विमान में सवार थे 6 लोग
इस बीच रूसी सरकार ने बताया कि रूस में पंजीकृत एक विमान पिछली रात अफगानिस्तान के रडार स्क्रीन से गायब हो गया. इस विमान में 6 लोग सवार थे. उधर अफगान अधिकारियों ने कहा कि उन्हें दुर्घटना की रिपोर्ट मिली है. फिलहाल, आधिकारिक सूत्रों ने हताहतों की संख्या या दुर्घटना के कारण के बारे में जानकारी नहीं दी है.

अफगान अधिकारियों ने की विमान हादसे की पुष्टि
इससे पहले अफगानिस्तान के स्थानीय समाचार चैनल टोलो न्यूज ने बदख्शां प्रांत के सूचना एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख जबीउल्लाह अमीरी के हवाले से बताया था कि एक भारतीय यात्री विमान बदख्शां प्रांत के कुरान-मुंजन और ज़िबक जिलों के साथ लगी तोपखाना की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. लिहाजा इस मामले की गंभीरता को देखते हुए और राहत बचाव कार्य हेतु एक टीम कुरान-वा-मुंजन जिले के तोपखाना इलाके में भेजी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *