लखनऊ।बिल्लौचपुरा, लखनऊ स्थित ऑल इंडिया जमियतुल कुरैश के प्रदेश उपाध्यक्ष महबूब कुरैशी ग़ाज़ीपुरी के निवास/कार्यालय पर कुरैशी समाज की एक अहम प्रादेशिक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से डा. हाजी युसूफ कुरैशी (प्रदेश अध्यक्ष),महबूब कुरैशी (प्रदेश उपाध्यक्ष),शहाबुद्दीन कुरैशी (राष्ट्रीय सचिव),अब्दुल वहीद (उपाध्यक्ष),चौधरी शादाब कुरैशी (प्रदेश महासचिव), अशफाक कुरैशी,अबुशाद कुरैशी (आजमगढ़),ईसराईल कुरैशी (बाराबंकी), चिरागुद्दीन कुरैशी (आगरा), शहजाद कुरैशी (लखनऊ अध्यक्ष),सैफ कुरैशी,परवेज कुरैशी,लईक कुरैशी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
सदी समारोह की भव्य तैयारी बैठक में ऑल इंडिया जमियतुल कुरैश के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय स्तर पर एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही कुरैशी समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान को लेकर विस्तृत रणनीति पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष डा. हाजी युसूफ कुरैशी ने कहा कि आज कुरैशी समाज के लोग देश में राज्यपाल, न्यायाधीश जैसे उच्च संवैधानिक पदों पर आसीन हैं। इसके साथ ही देश का नाम रोशन करने वाली सोफिया कुरैशी जैसी शख्सियतें पूरे समाज के लिए गौरव और प्रेरणा हैं।
राष्ट्रीय सचिव शहाबुद्दीन कुरैशी ने कहा कि देशभर में फैले कुरैशी समाज को राष्ट्रीय स्तर पर संगठित करना समय की आवश्यकता है। समाज को यह एहसास दिलाना जरूरी है कि जिस तरह उसने देश के विकास में योगदान दिया है, उसी तरह अपने समाज को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
बुजुर्गों की कुर्बानियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए
प्रदेश महासचिव शादाब चौधरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि समाज के बुजुर्गों ने कुरैशी समाज को एक नई दिशा देने के लिए असंख्य कुर्बानियां दी हैं। उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए हम सभी को निरंतर सराहनीय और समाजोपयोगी कार्य करने चाहिए,ताकि न केवल कुरैशी समाज बल्कि पूरे समाज का भला हो।
बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार साझा करते हुए समाज की मजबूती और एकता पर बल दिया।
आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में लखनऊ अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव शादाब चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
