भुवनेश्वर : ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार सुबह-सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. अस्पताल के मेडिसिन विभाग की इमारत में स्थित ट्रॉमा केयर ICU में भीषण आग लग गई. इस हादसे में कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई की हालत अभी नाजुक बनी है.
सोमवार सुबह करीब 3 बजे ट्रॉमा केयर यूनिट की पहली मंजिल पर आग लगी. कुछ ही मिनटों में पूरी ICU वार्ड में धुआं भर गया. उस समय वार्ड में कई गंभीर मरीज लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे. आग कैसे लगी अभी इस बारे में साफ़ नहीं है. जांच के बाद हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा.
अधिकारियों ने बताया कि मरीजों को बचाने के दौरान अस्पताल के करीब 11 स्टाफ सदस्य झुलस गए. अधिकारियों के मुताबिक, आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में लगी थी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था. आग रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच लगी. फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पाया.
फायर सर्विस के अधिकारियों ने अस्पताल स्टाफ, पुलिस और मरीजों के परिजनों के साथ मिलकर आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें SCB अस्पताल के अन्य विभागों में शिफ्ट किया. यह अस्पताल ओडिशा का एक प्रमुख सरकारी मेडिकल सेंटर है.
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने वहां भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज सुबह SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा किया और अस्पताल प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग लगी थी.
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लगी. इससे ट्रॉमा केयर आईसीयू और आसपास के आईसीयू व वार्ड प्रभावित हुए. सीएम मांझी ने आगे कहा, ‘कुल 23 मरीजों को अन्य विभागों में शिफ्ट किया गया. सात गंभीर मरीजों की शिफ्टिंग के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों की बाद में मौत हुई.’
